छत्तीसगढ़ में 15 जनवरी से 15 फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह आयोजित किया जाएगा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Jan 2024 10:09 PM
छत्तीसगढ़ में 15 जनवरी से 15 फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह आयोजित किया जाएगा
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में 15 जनवरी से 15 फरवरी तक नागरिकों और सड़क उपयोगकर्ताओं को सड़क सुरक्षा की गंभीरता और चुनौतियों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह 2024 आयोजित किया जाएगा. सड़क सुरक्षा माह के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

सड़क सुरक्षा माह 2024 के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, परिवहन, पुलिस विभाग, एन.सी.सी, एन.एस.एस., स्काउट गाइड्स एवं स्वयंसेवी और समाजसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न संबंधित विभागों के समन्वय और सहयोग से सड़क उपयोगकर्ताओं, विशेष रूप से वाहन चालकों, विद्यार्थियों के प्रशिक्षण, कार्यशाला, सेमीनार, नेत्र जांच शिविर सहित सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

इसके साथ ही लोगों के बीच सड़क सुरक्षा की समस्याओं तथा समाधान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा. यह जागरूकता अभियान सड़क दुर्घटना में होने वाली मृत्यु एवं घायलों की संख्या कम करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होगा. सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ के साथ जनजागरूकता हेलमेट रैली, सड़क सुरक्षा पर प्रशिक्षण कार्यक्रम, ऑटो वाहन चालकों का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, आंखों के जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा स्कूल दिवस आयोजित किया जाएगा.

स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए स्लोगन, निबंध, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा. इसके साथ ई रिक्शा वाहन चालकों का प्रशिक्षण, बस वाहन चालकों का प्रशिक्षण, गणतंत्र दिवस समारोह में सड़क सुरक्षा पर झांकी एवं बैनर, पोस्टर, फ्लैक्स, एम्बुलेंस ड्रायविंग ट्रेनिग, वाहनों का फिटनेस, रेडियम स्ट्रिप्स आदि जांच संधारण, शराब सेवन कर वाहन चालन से होने वाले नुकसान पर रैली आयोजित की जाएगी.

इसी प्रकार ग्राम चौपाल में जन जागरूकता के कार्यक्रम, गंभीर सड़क दुर्घटना स्थलों के चिन्हांकन, सड़क सुरक्षा मितानों का प्रशिक्षण, युवाओं के लिये एरोबिक्स जुम्बा के माध्यम से ‘‘स्वस्थ शरीर रखे स्वस्थ मन, स्वस्थ मन रखेे सुरक्षित जन‘‘ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. हेलमेट धारी वाहन चालकों को प्रोत्साहन स्वरूप टाफी वितरण सहित स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सड़क सुरक्षा माह 2024 के आयोजन के संबंध मंे अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) के अध्यक्ष संजय शर्मा ने सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu