फिर नाकाम रहे रोहित और विराट, भारत चौथा टेस्ट 184 रन से हारा

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 30 Dec 2024 01:29 PM
फिर नाकाम रहे रोहित और विराट, भारत चौथा टेस्ट 184 रन से हारा
ऑडियो सुनें

मेलबर्न: भारतीय बल्लेबाजों ने एक बार फिर आसानी से घुटने टेक दिये और चौथे टेस्ट में आस्ट्रेलिया के हाथों 184 रन की शर्मनाक हार के साथ ही लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की मांग जोर पकड़ने लगी है।

जीत के लिये 340 रन के दुरूह लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित नौ और कोहली पांच रन बनाकर आउट हो गए। रोहित को अति रक्षात्मक शैली अपनाने का खामियाजा भुगतना पड़ा तो आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद पर कोहली ने फिर विकेट गंवाया। भारत ने आखिरी सात विकेट 20 . 4 ओवर में 34 रन के भीतर गंवा दिये और दूसरी पारी में टीम 155 रन पर आउट हो गई।

आस्ट्रेलियाई कप्तान और ‘प्लेयर आफ द मैच’ पैट कंिमस ने 18 ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि स्कॉट बोलैंड ने 16 ओवर में 39 रन देकर तीन विकेट चटकाये । नाथन लियोन को दो और मिचेल स्टार्क को कोहली का कीमती विकेट मिला।

इससे पहले यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत के बीच चौथे विकेट के लिये 88 रन की साझेदारी से मैच ड्रॉ की ओर मुड़ता दिख रहा था लेकिन एक बार फिर गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर पंत के आउट होने के बाद भारत की उम्मीदों पर पानी फिर गया।

आस्ट्रेलिया अब श्रृंखला में 2 . 1 से आगे है। भारत अगर सिडनी टेस्ट नहीं जीतता है तो लगातार तीसरी बार विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल खेलने का सपना भी टूट जायेगा। जायसवाल (208 गेंद में 84 रन) को छोड़कर भारत का कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका। जायसवाल को विवादित ढंग से तीसरे अंपायर ने विकेट के पीछे कैच आउट करार दिया ।

टेस्ट मैच जीतने या बचाने की कला अब विरले क्रिकेटरों के पास ही रह गई है लेकिन भारत की उम्मीदों का सरमाया दो सबसे अनुभवी खिलाड़ियों पर था जो करीब दो दशक से अपने खेल से एक देशवासियों को खुशियों की सौगातें देते आये हैं । लेकिन दोनों ही चूक गए और अब चयनकर्ताओं को कुछ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं।

पंत ने दूसरे सत्र में जबर्दस्त संयम का प्रदर्शन किया लेकिन ट्रेविस हेड को एक खराब शॉट खेलकर उन्होंने आस्ट्रेलिया की जीत की राह प्रशस्त कर दी । सीमित ओवरों में शानदार प्रदर्शन के बावजूद आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद कोहली की कमजोरी बन गई है और इसे आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने बखूबी भुनाया।

सुबह भारत ने लंच तक तीन विकेट 33 रन पर गंवा दिये थे । रोहित ने 40 गेंद में नौ रन बनाये और टेस्ट मैचों में दसवीं बार आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कंिमस का शिकार हुए । वहीं कोहली (29 गेंद में पांच रन) एक बार फिर कवर ड्राइव खेलने की ललक पर काबू नहीं रख सके और मिचेल स्टार्क की गेंद पर पहली स्लिप में कैच दे बैठे। केएल राहुल को खाता भी नहीं खोल पाये।

सुबह खेल शुरू होने के बाद जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में 13वीं बार पारी के पांच विकेट लेकर आस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 234 रन पर आउट किया। इसके बाद लग रहा था कि रोहित शीर्षक्रम पर अपना स्वाभाविक आक्रामक खेल दिखायेंगे लेकिन खराब फॉर्म के बीच उन्होंने रक्षात्मक खेल दिखाने की कोशिश की जो नाकाम रही। पारी की शुरूआत करने का उनका फैसला भी गलत साबित हुआ और इससे राहुल का आत्मविश्वास भी डोल गया।

भारत को आस्ट्रेलिया की आखिरी जोड़ी बोलैंड और लियोन के बीच हुई साझेदारी भी भारी पड़ी जिससे लक्ष्य और बड़ा हो गया। नौ विकेट लेने वाले बुमराह और इस श्रृंखला की खोज रहे नीतिश रेड्डी के शतक के अलावा इस मैच में भारत के लिये सकारात्मक कुछ नहीं रहा। भारतीय टीम बदलाव के कठिन दौर से गुजर रही है और अब मुख्य कोच गौतम गंभीर को चयन समिति के प्रमुख अजित अगरकर के साथ मिलकर कुछ कठिन फैसले लेने होंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital