सोलहवीं विधानसभा का द्वितीय सत्र 3 जुलाई से, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 29 Jun 2024 04:38 PM
सोलहवीं विधानसभा का द्वितीय सत्र 3 जुलाई से, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम…
ऑडियो सुनें

जयपुर: सोलहवीं राजस्थान विधानसभा का ‌द्वितीय सत्र बुधवार 3 जुलाई से आरंभ होगा। विधान सभा सचिवालय ने सत्र के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रबंध कर लिया है।

सत्र के दौरान विधानसभा की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सत्र से संबंधित की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की। विधान सभा सत्र के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ प्रमुख सचिव श्री महावीर प्रसाद शर्मा ने चर्चा की। विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा कार्यों की प्रगति रिपोर्ट विधान सभा को प्रस्तुत की जा रही है।

फोटो युक्त प्रवेश पत्र ही मान्य

विधान सभा सत्र के दौरान फोटो युक्त प्रवेश पत्र ही मान्य होगा। फोटोयुक्त क्यूआर कोड प्रवेश पत्र से ही अधिकारी एवं कर्मचारी विधान सभा में प्रवेश कर सकेंगे। क्यूआर कोड के स्कैन करने पर ही फ्लैग बैरियर खुलेगा। जिससे आगंतुक विधान सभा में प्रवेश कर सकेंगे। विधान सभा भवन से बाहर जाने के लिए यही प्रक्रिया अपनानी होगी।

सदन में मोबाइल फोन का उपयोग निषेध

विधान सभा सदन में मोबाइल फोन का उपयोग नहीं किया जा सकेगा । मोबाइल फोन के उपयोग को सदन में निषेध किया गया है।

वाहनों की पार्किंग

विधान सभा भवन परिसर में वही वाहन प्रवेश कर सकेंगे, जिन पर ‌द्वितीय सत्र का सत्रकालीन वाहन प्रवेश पत्र लगा होगा। अधिकारी व कर्मचारियों के वाहनों का आवागमन गेट नंबर 1 उत्तर पूर्वी द्वारा से होगा और पार्किंग पूर्वी द्वार के भूतल पर की जा सकेगी। पत्रकारों के वाहनों का प्रवेश भी गेट नंबर 1 से होकर पूर्वी एवं दक्षिण कोने में बनाए गए स्थान पर पार्किंग की जायेगी।

प्रतिनिधि मण्डलों की व्यवस्था-

सत्र के दौरान विधान सभा में मुख्यमंत्री व मंत्रीगण से मिलने आने वाले प्रतिनिधि मण्डलों के प्रवेश की व्यवस्था संबंधित से सहमति मिलने के पश्चात सम्पर्क अधिकारी द्वारा की जायेगी।

छायाकारों की व्यवस्था

मीडिया के छायाकार और कैमरामैनों का प्रवेश पश्चिमी द्वार के समीप निर्धारित स्थान तक होगा। अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के निर्देश पर छायाकारों और कैमरामैनों के लिए सत्र के दौरान विशेष व्यवस्था की गई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav