शाकिब चोट के कारण विश्व कप से बाहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Nov 2023 08:50 PM
शाकिब चोट के कारण विश्व कप से बाहर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ऊंगली में फ्रैक्चर के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी टीम के विश्व कप में आखिरी मुकाबले से मंगलवार को बाहर हो गए. इस हरफनमौला खिलाड़ी की सोमवार को फिरोज शाह कोटला में श्रीलंका पर बांग्लादेश की तीन विकेट की जीत के दौरान बल्लेबाजी करते समय बायीं तर्जनी में चोट लग गई थी. मैच के बाद एक्स-रे जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिससे वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शनिवार को पुणे में खेले जाने वाले मैच से बाहर हो गए.

आईसीसी ने बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान के हवाले से मंगलवार को कहा, ”शाकिब को अपनी पारी की शुरुआत में बायीं तर्जनी पर चोट लगी थी, लेकिन उन्होंने टेप और दर्द निवारक दवाओं के साथ बल्लेबाजी करना जारी रखा.” उन्होंने कहा, ” मैच के बाद दिल्ली में उनका आपातकालीन एक्स-रे हुआ जिसमें बाएं ‘पीआईपी’ जोड़ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई. इस चोट के तीन से चार सप्ताह में ठीक होने का अनुमान है. वह अपने रिहैबिलिटेशन (चोट से उपचार और उबरने की प्रक्रिया) के लिए आज बांग्लादेश रवाना होंगे.” अनामुल हक बिजॉय को शाकिब के स्थान पर बांग्लादेश टीम में शामिल किया गया है.

अनामुल ने बांग्लादेश के लिए 45 वनडे मैच खेले हैं. विश्व कप के दौरान किसी खिलाड़ी की जगह लेने के लिए अन्य खिलाड़ी को आधिकारिक तौर पर टीम में शामिल करने से पहले टूर्नामेंट की तकनीकी समिति की मंजूरी की आवश्यकता होती है. आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 टूर्नामेंट की तकनीकी समिति (ईटीसी) में वसीम खान (आईसीसी महाप्रबंधक – क्रिकेट और ईटीसी अध्यक्ष), क्रिस टेटली (आईसीसी टूर्नामेंट प्रमुख), हेमांग अमीन (कार्यवाहक सीईओ – बीसीसीआई), गौरव सक्सेना (महाप्रबंधक – परिचालन, बीसीसीआई), रसेल अर्नोल्ड और साइमन डोल (स्वतंत्र प्रतिनिधि) शामिल हैं.

शाकिब श्रीलंका के अनुभवी हरफनमौला एंजेलो मैथ्यूज के खिलाफ ‘टाइम आउट’ की अपील कर विवादों में आ गये थे. इस मैच में टीम ने श्रीलंका को हराया था. उन्होंने हालांकि इस मैच में गेंद और बल्ले से प्रभावी प्रदर्शन किया. वह इस मैच में दो विकेट लेने के बाद 65 गेंद में 82 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच बने.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu