शाकिब ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लिया, विदाई मैच नहीं मिलता तो कानपुर टेस्ट अंतिम होगा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Sep 2024 07:56 PM
शाकिब ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लिया, विदाई मैच नहीं मिलता तो कानपुर टेस्ट अंतिम होगा
ऑडियो सुनें

कानपुर. बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने गुरुवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से तुरंत प्रभाव से संन्यास लेने की घोषणा की और साथ ही कहा कि अगर उनका घरेलू बोर्ड उनके लिए स्वदेश में विदाई मैच का आयोजन नहीं करता करता है तो फिर भारत के खिलाफ यहां होने वाला दूसरा टेस्ट मैच उनका अंतिम टेस्ट होगा. बांग्लादेश की तरफ से उनका अंतिम मैच चैंपियंस ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट में होगा जिसका आयोजन संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान में होने की संभावना है. इस 37 वर्षीय खिलाड़ी ने बांग्लादेश की तरफ से 129 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. वह फ्रेंचाइजी लीग में इस प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे.

शाकिब ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ”मैंने टी20 विश्व कप में अपना अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल लिया है. हमने चयनकर्ताओं के साथ चर्चा की. 2026 में होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए मेरे लिए संन्यास लेने का यह सही समय है. उम्मीद है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड कुछ अच्छे खिलाड़ियों को ढूंढने में सफल रहेगा और हमारी टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी.” शाकिब ने 70 टेस्ट मैच में 4600 रन बनाए हैं और इसके साथ ही 242 विकेट के लिए हैं. अगर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड उनकी सुरक्षा का आश्वासन नहीं देता है तो कानपुर में होने वाला मैच उनका अंतिम टेस्ट मैच होगा. बांग्लादेश में उन पर हत्या का आरोप लगाया गया है जबकि उस समय वह अपने देश में भी नहीं थे.

उन्होंने कहा,”मैंने अपने क्रिकेट बोर्ड के सामने मीरपुर में अंतिम टेस्ट मैच खेलने की इच्छा जताई थी. वह इस पर सहमत थे. वे हर तरह की व्यवस्था कर रहे हैं ताकि मैं बांग्लादेश जा सकूं. अगर ऐसा नहीं हो पाता है तो भारत के खिलाफ कानपुर में होने वाला मैच टेस्ट क्रिकेट में मेरा अंतिम मैच होगा.” शाकिब को बांग्लादेश में राजनीतिक अशांति के दौरान हत्या के एक मामले में आरोपी के रूप में नामित किया गया था. राजनीतिक अशांति के कारण प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद से हटना पड़ा था. शाकिब उनकी पार्टी अवामी लीग से संसद सदस्य थे. शाकिब ने बांग्लादेशी मीडिया से बातचीत के दौरान यह घोषणा की लेकिन भारतीय पत्रकारों के अनुरोध के बाद उन्होंने अंग्रेजी में बात की.

शाकिब को अगस्त में एक कपड़ा श्रमिक मोहम्मद रूबेल की हत्या के मामले में दायर की गई प्राथमिकी में एक आरोपी के रूप में नामित किया गया है. इस श्रमिक के पिता रफीकुल इस्लाम ने सात अगस्त को यह प्राथमिकी दर्ज कराई थी. शाकिब ने संकेत दिए कि अगर उन्हें सुरक्षा का आश्वासन नहीं मिलता है तो वह भारत के खिलाफ वर्तमान श्रृंखला के बाद बांग्लादेश नहीं जाएंगे.

उन्होंने कहा,”वापस बांग्लादेश लौटना समस्या नहीं है लेकिन वहां से बाहर निकलना समस्या हो सकती है. मेरे करीबी मित्र और परिजन मेरी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. मुझे लगता है कि चीजें बेहतर होगी. इसका कोई समाधान होना चाहिए.” शाकिब जनवरी में सांसद बने थे. विरोध प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों का पक्ष नहीं लेने के कारण उनकी आलोचना हुई थी. वह जब पाकिस्तान में खेल रहे थे तब बांग्लादेश के कुछ दर्शकों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की थी. एक निजी टी20 लीग के दौरान भी उनके लिए अपशब्दों का उपयोग किया गया था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. शाकिब ने कहा,”वनडे में अभी मुझे आठ मैच खेलने हैं और चैंपियंस ट्रॉफी मेरा अंतिम टूर्नामेंट होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu