शरत कमल एकल से बाहर, श्रीजा अगले दौर में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Jul 2024 08:10 PM
शरत कमल एकल से बाहर, श्रीजा अगले दौर में
ऑडियो सुनें

पेरिस. भारत के स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल रविवार को यहां पेरिस ओलंपिक की पुरुष एकल प्रतियोगिता से बाहर हो गए जबकि स्टार महिला खिलाड़ी मनिका बत्रा ने राउंड 64 में अपनी प्रतिद्वंद्वी को 4-1 से हराकर अपना अभियान शुरू किया.
अपना पांचवा ओलंपिक खेल रहे 42 वर्षीय शरत को 53 मिनट तक चले मैच में अपने से 86 पायदान नीचे के प्रतिद्वंद्वी स्लोवेनिया के डेनी कोजुल से 2-4 (12-10 9-11 6-11 7-11 11-8 10-12) से हार का सामना करना पड़ा.

राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन और विश्व रैंकिंग में 40वें स्थान पर काबिज शरत ने पहला गेम जीता लेकिन इसके बाद अगले तीन गेम में उन्हें हार झेलनी पड़ी. यह भारतीय खिलाड़ी जब पीछे चल रहा था तब उन्होंने पांचवा गेम जीत कर स्कोर 2-3 किया लेकिन आखिर में वह विश्व में 126वें नंबर के खिलाड़ी को जीत से नहीं रोक सके. महिला एकल मैच में 29 साल की मनिका ने ब्रिटेन की अन्ना हर्से पर दबदबा बनाया. 2018 राष्ट्रमंडल खेलों की चैम्पियन और 18वीं वरीय मनिका ने 41 मिनट में हर्से को 11-8 12-10 11-9 9-11 11-5 से मात दी.

इस तरह मनिका ने तोक्यो ओलंपिक की उपलब्धि की बराबरी की जिसमें वह एकल के राउंड 32 में पहुंचने वाली भारत की पहली महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी बनी थीं. दिल्ली की पैडलर ने 24 मिनट में 3-0 से बढ़त बना ली थी और 4-0 से जीतने की ओर बढ़ रही थी. लेकिन हर्से ने वापसी करते हुए चौथा गेम जीत लिया. पर मनिका ने अपने से निचली रैंकिंग की प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया और पांचवां गेम जीतकर मैच आसानी से जीत लिया. अब मनिका का सामना 31 जुलाई को राउंड 32 मैच में फ्रांस की 12वीं वरीय प्रीथिका पवाडे से होगा. इससे पहले श्रीजा अकुला ने स्वीडन की क्रिस्टीना कल्बर्ग पर 4-0 की शानदार जीत के साथ राउंड ऑफ 32 में प्रवेश किया. डब्ल्यूटीटी कंटेंडर एकल खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनकर इतिहास रचने वाली श्रीजा ने स्वीडन की खिलाड़ी को 30 मिनट में 11-4, 11-9, 11-7, 11-8 से पराजित किया.

भारतीय खिलाड़ी को पहला गेम जीतने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई लेकिन अगले तीन गेम में उन्हें थोड़ा संघर्ष करना पड़ा.
तीसरे गेम में एक समय स्कोर 7-5 था लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाकर कल्बर्ग को कोई मौका नहीं दिया.
श्रीजा ने चौथे गेम में शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया और एक समय वह 9-3 से आगे थी. भारतीय खिलाड़ी ने उसके बाद कुछ गलतियां की जिसका फायदा उठाकर कल्बर्ग ने स्कोर पहले 9-7 और फिर 10-8 कर दिया. श्रीजा ने हालांकि इसके बाद करारा शॉट जमा कर अगले दौर में प्रवेश किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu