सोनाक्षी-जहीर ने प्रतिभोज की तस्वीरें साझा कीं, कहा-सभी लोगों का प्यार और समर्थन मिला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Jun 2024 10:57 PM
सोनाक्षी-जहीर ने प्रतिभोज की तस्वीरें साझा कीं, कहा-सभी लोगों का प्यार और समर्थन मिला
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनय जगत के नवविवाहित दंपति सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने मंगलवार को अपनी शादी के प्रीतिभोज की तस्वीरें साझा कीं और कहा कि शादी को उनके दोस्तों, परिवार और उनकी टीम समेत सभी लोगों का प्यार और समर्थन मिला. दोनों ने रविवार को सोनाक्षी के घर पर एक साधारण समारोह में शादी रचाई थी, जिसके बाद यहां प्रतिभोज का आयोजन किया गया जिसमें तमाम सितारे जुटे. 37 वर्षीय सोनाक्षी और 35 वर्षीय जहीर ने एक संयुक्त इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने प्रीतिभोज की तस्वीरें पोस्ट कीं.

उनकी शादी की घोषणा की तरह नवीनतम पोस्ट पर टिप्पणियां करने की सुविधा को ‘डिसेबल’ कर दिया गया है क्योंकि दंपति को कथित तौर पर उनके अंतर-धार्मिक विवाह के लिए नफरत का शिकार होना पड़ा था. तस्वीरों की श्रृंखला के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ”क्या दिन है!!! प्यार, हंसी, एकजुटता, उत्साह, गर्मजोशी, हमारे हर एक दोस्त, परिवार और टीम का समर्थन मिला…” जोड़े ने आगे कहा, “यह ऐसा था जैसे ब्रह्मांड दो प्यार करने वाले लोगों को एक साथ लाया और उन्हें वह दिया जिसकी उन्होंने हमेशा आशा, इच्छा और प्रार्थना की थी. यदि यह दैवीय हस्तक्षेप नहीं है… तो हम नहीं जानते कि क्या है. हम दोनों एक-दूसरे को पाकर वाकई धन्य हुए हैं, और बेशुमार प्यार हमारी रक्षा कर रहा है.”

ऐसी खबरें थीं कि अभिनेता से सांसद बने उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा नाखुश थे क्योंकि ‘हीरामंडी’ स्टार ने उन्हें शादी के बारे में नहीं बताया था. अफवाहें तब शांत हो गईं जब शत्रुघ्न सिन्हा ने शादी से कुछ दिन पहले जहीर और उनके परिवार के साथ खुशी-खुशी तस्वीरें खिंचवाईं. ऐसी खबरें थीं कि सोनाक्षी के भाई लव और कुश ने भी शादी में हिस्सा नहीं लिया, लेकिन दोनों भाइयों ने ऐसी खबरों को खारिज कर दिया.

सोनाक्षी और जहीर ने पहली बार ‘ब्लॉकबस्टर’ गाने के संगीत वीडियो के लिए सहयोग किया, जो सितंबर 2022 में रिलीज. हुआ था. महीनों बाद उन्होंने कॉमेडी ड्रामा ‘डबल एक्सएल’ में साथ अभिनय किया. सात साल से डेटिंग कर रहे दोनों सितारों ने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की थी, लेकिन अक्सर एक साथ कार्यक्रमों में भाग लेते हुए तस्वीरें खिंचवाते थे और सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे के साथ वाली तस्वीरें साझा करते थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu