दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को 114 रन का दिया लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jun 2024 09:46 PM
दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को 114 रन का दिया लक्ष्य
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. तंजीम हसन साकिब की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से बांग्लादेश ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में सोमवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट पर 113 रन के स्कोर पर रोक दिया. दक्षिण अफ्रीका तरफ से हेनरिक क्लासेन ने 44 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों से 46 रन की पारी खेलने के अलावा डेविड मिलर (29 रन, 38 गेंद, एक छक्का, एक चौका) के साथ पांचवें विकेट के लिए उस समय 79 रन की साझेदारी की जब टीम 23 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में थी.

बांग्लादेश की ओर से तंजीम हसन साकिब ने 18 रन देकर तीन जबकि तास्किन अहमद ने 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए. मुस्ताफिजुर रहमान ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 18 रन दिए लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्कराम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसे तंजीम और तास्किन ने गलत साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. टीम ने पांचवें ओवर में 23 रन तक ही चार विकेट गंवा दिए. क्विंटन डिकॉक (18) ने तंजीम के पहले ओवर की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने इसी ओवर में रीजा हैंड्रिक्स (00) को पगबाधा कर दिया.

डिकॉक ने तास्किन पर भी छक्का जड़ा लेकिन तंजीम ने अंदर की ओर आती गेंद पर उन्हें बोल्ड कर दिया. मार्कराम भी चार रन बनाने के बाद तास्किन की गेंद पर बोल्ड हो गए. तंजीम ने इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स (00) को शॉर्ट कवर पर शाकिब अल हसन के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया. दक्षिण अफ्रीका ने पावर प्ले में चार विकेट पर 25 रन बनाए. मिलर ने रिशाद हुसैन जबकि क्लासेन ने मुस्ताफिजुर पर चौका जड़ा. क्लासेन ने राशिद पर लगातार दो छक्कों के साथ 10वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया.

मिलर 13 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब महमूदुल्लाह की गेंद पर विकेटकीपर लिटन दास ने उनका कैच टपका दिया. इसका फायदा उठाते हुए मिलर ने मुस्ताफिजुर रहमान पर छक्का जड़ा. क्लासेन ने 17वें ओवर में महमूदुल्लाह पर छक्के और फिर एक रन के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया. तास्किन ने अगले ओवर में क्लासेन को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा. रिशाद ने मिलर को बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका की अंतिम दो ओवर में तेजी से रन जुटाने की उम्मीदों को झटका दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu