श्रीजा अकुला टेबल टेनिस महिला एकल प्री क्वार्टर फाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Jul 2024 09:05 PM
श्रीजा अकुला टेबल टेनिस महिला एकल प्री क्वार्टर फाइनल में
ऑडियो सुनें

पेरिस. भारत की श्रीजा अकुला ने सिंगापुर की जियान झेंग को कड़े मुकाबले में 4 . 2 से हराकर पेरिस ओलंपिक टेबल टेनिस महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. अपने 26वें जन्मदिन पर श्रीजा ने 9 . 11, 12 . 10, 11 . 4, 11 . 5, 10. 12, 12 . 10 से जीत दर्ज की. इससे पहले मनिका बत्रा भी अंतिम 16 में जगह बना चुकी हैं . भारतीय टेबल टेनिस के इतिहास में यह पहली बार हुआ है. श्रीजा ने 51 मिनट तक चला यह मुकाबला पहला गेम गंवाने के बाद जीता. श्रीजा का सामना अब चीन की नंबर एक खिलाड़ी सुन यिंगशा से होगा.

पहला गेम हारने के बाद श्रीजा ने दूसरा गेम जीतकर बराबरी की . दूसरे गेम में काफी गलतियां करने के बावजूद वह भाग्यशाली रही कि जीत सकी. इसके बाद उन्होंने जबर्दस्त खेल दिखाते हुए तीसरा और चौथा गेम भी जीत लिया . सिंगापुर की खिलाड़ी ने पांचवां गेम अपने नाम किया लेकिन श्रीजा ने छठे गेम में मैच जीत लिया.

पिछले महीने अपने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 24वीं विश्व रैंकिंग हासिल करने वाली श्रीजा ने मनिका को पछाड़कर भारत की शीर्ष महिला खिलाड़ी होने का श्रेय हासिल किया था. दो बार की राष्ट्रीय चैम्पियन श्रीजा ने जून में लागोस में डब्ल्यूटीटी कंटेंडर एकल खिताब जीता था . उन्होंने 2022 र्बिमंघम राष्ट्रमंडल खेलों में मिश्रित युगल में शरत कमल के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu