तुर्किये की राजधानी अंकारा में आत्मघाती हमला, दूसरा हमलावर मुठभेड़ में मारा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Oct 2023 09:08 PM
तुर्किये की राजधानी अंकारा में आत्मघाती हमला, दूसरा हमलावर मुठभेड़ में मारा गया
ऑडियो सुनें

अंकारा. तीन महीने के ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद संसद की कार्यवाही फिर से शुरू होने से कुछ घंटे पहले तुर्किये की राजधानी अंकारा में रविवार को एक आत्मघाती हमलावर ने एक विस्फोट किया. वहीं, दूसरा हमलावर पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. यह जानकारी देश के गृह मंत्री ने दी.

मंत्री अली येरलिकाया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि गृह मामलों के मंत्रालय के प्रवेश द्वार के समीप हुए इस हमले में दो पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं. राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन के संबोधन के साथ संसद की कार्यवाही फिर से शुरू होने थी, जिससे पहले यह हमला हुआ. हमलावरों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है. कुर्दिश और धुर वाम चरमपंथी समूहों तथा इस्लामिक स्टेट समूह ने अतीत में देशभर में इस तरह के घातक हमलों को अंजाम दिया है. येरलिकाया ने बताया कि हमलावर एक वाहन में सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचे थे.

टेलीविजन फुटेज में बम निरोधक दस्ते को इलाके में खड़े एक वाहन के पास देखा जा सकता है. यह इलाका ‘तुर्किश ग्रैंड नेशनल असेंबली’ और अन्य सरकारी इमारतों के समीप स्थित है. इसमें वाहन के समीप एक रॉकेट लॉन्चर को पड़े हुए देखा जा सकता है.
न्याय मंत्री यिलमाज तुन्क ने कहा कि आतंकी हमले के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ”ये हमले आतंकवाद के खिलाफ तुर्किए की लड़ाई को कमजोर नहीं कर पाएंगे.”

उन्होंने कहा, ”आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूती से जारी रहेगी.” पुलिस ने इलाके की ओर आने वाली सभी सड़कों को बंद कर दिया है और सुरक्षा इंतजाम बढ.ा दिए हैं. मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, धमाके में घायल हुए दोनों पुलिस अधिकारियों का इलाज एक अस्पताल में किया जा रहा है और वे खतरे से बाहर हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu