सुल्तान जोहोर कप: भारत ने ग्रेट ब्रिटेन को 6-4 से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Oct 2024 08:04 PM
सुल्तान जोहोर कप: भारत ने ग्रेट ब्रिटेन को 6-4 से हराया
ऑडियो सुनें

जोहोर बाहरू (मलेशिया). दिलराज सिंह और शारदा नंद तिवारी के दो-दो गोल की मदद से भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को यहां ग्रेट ब्रिटेन को 6-4 से हराकर सुल्तान जोहोर कप हॉकी टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखा. मोहम्मद कोनैन दाद (सातवें मिनट) ने भारत का खाता खोला. इसके बाद दिलराज (17वें, 50वें मिनट), शारदा नंद (20वें, 50वें मिनट) ने गोल किये. इसके अलावा मनमीत सिंह (26वें मिनट) ने भी भारत की तरफ से गोल किया.

ब्रिटेन की तरफ से रोरी पेनरोज. (दूसरे, 15वें मिनट) और माइकल रॉयडेन (46वें, 59वें मिनट) ने दो-दो गोल करके मैच को रोमांचक बनाए रखा. भारत ने शनिवार को जापान को हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था. उसने अपनी वही लय बनाए रखी.
लेकिन वह ब्रिटेन था जिसने पहला गोल किया. उसकी तरफ से खेल के दूसरे मिनट में ही पेनरोज ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदला. भारत ने हालांकि इसके कुछ देर बाद ही दाद के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से बराबरी कर ली.

ब्रिटेन ने 15वें मिनट में फिर से बढ़त हासिल कर ली जब पेनरोज. ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला. भारत ने हालांकि दूसरे क्वार्टर में अपना दबदबा बनाया और लगातार तीन गोल किए. स्ट्राइकर दिलराज ने 17वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-2 से बराबर किया. शारदा नंद ने इसके बाद दिलराज की मदद से पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को मैच में पहली बार बढ़त दिलाई. उन्होंने 26वें मिनट में मनप्रीत की भी गोल करने में मदद की जिससे भारत 4-2 से आगे हो गया.

तीसरे क्वार्टर में दोनों टीम को पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन वह उनका नहीं उठा पाए. ब्रिटेन ने चौथे क्वार्टर के शुरू में रॉयडेन के गोल की मदद से वापसी की कोशिश की. भारत को 50वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला. फॉर्म में चल रहे ड्रैगफ्लिकर शारदा नंद ने मौका नहीं गंवाया और गोल कर दिया. इसके कुछ सेकेंड बाद दिलराज ने मैदानी गोल करके स्कोर 6-3 से भारत के पक्ष में कर दिया. रॉयडेन ने 59वें मिनट में अपना दूसरा और ब्रिटेन की तरफ से चौथा गोल किया लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हो पाया. भारत ने लगातार दूसरा मैच जीत पर तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu