सुमित नागल ओलंपिक पुरुष एकल के पहले दौर में बाहर

पेरिस. भारत के नंबर एक खिलाड़ी सुमित नागल रविवार को यहां ओलंपिक पुरुष एकल टेनिस प्रतियोगिता के तीन सेट तक चले पहले दौर के मुकाबले में फ्रांस के कोरेंटिन मौटेट से हारकर बाहर हो गए. भारत के इस 26 वर्षीय खिलाड़ी को रोलां गैरों में दो घंटे 28 मिनट तक चले मैच में 2-6, 6-2, 5-7 से हार मिली. दोनों खिलाड़ियों ने पहले दो सेट 6-2 के समान स्कोर से जीते, पर 65 मिनट तक चले निर्णायक सेट में फ्रांस के खिलाड़ी ने भारतीय खिलाड़ी की चुनौती पस्त कर दी.

तोक्यो ओलंपिक में नागल दूसरे दौर में रूस के दानिल मेदवेदेव से हार कर बाहर हुए थे लेकिन यहां शुरूआती दौर में वह अपने नियंत्रण वाली चीजों पर काबू रखने में विफल रहे. नागल और मौटेट के बीच हमेशा संघर्षपूर्ण मुकाबले हुए है. उनके पिछले चार में से तीन मुकाबले तीन-सेट वाले थे और रविवार को ऐसा ही हुआ. नागल ने इस साल अप्रैल में मोरक्को के शहर मराकेश में हसन ग्रां प्री में दोनों खिलाड़ियों के पिछले मुकाबले में मौटेट से बेहतर प्रदर्शन किया था.

इस मैच में मौटेट जहां बेहतर तैयारी के साथ आये थे वही नागल के पास अपने प्रतिद्वंद्वी के लिए किसी वैकल्पिक योजना की कमी दिखी. फ्रांस के खिलाड़ी ने अंडरआर्म र्सिवस, ड्रॉप शॉट्स, फोरहैंड स्लाइस और बैकहैंड स्लाइस का प्रभावी इस्तेमाल कर मैच पर अपनी पकड़ बनायी.

मौटेट को स्थानीय खिलाड़ी होने का भी फायदा मिला क्योंकि स्टेडियम में मौजूद दर्शक लगातार उनकी हौसला अफजाई कर रहे थे. दर्शकों के समर्थन से आत्मविश्वास से भरे मौटेट ने शुरुआती सेट में अपने प्रभावी खेल से नागल को दबाव में डाल दिया. भारतीय खिलाड़ी ने इस दौरान कुछ असहज गलतियां की जिससे मौटेट ने पहला सेट अपने नाम कर लिया. नागल ने हालांकि दूसरे सेट में लय हासिल कर शानदार वापसी की. इस दौरान दर्शकों ने फ्रांस का राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया लेकिन पहले से सतर्क नागल ने मौटेट को बढ.त लेने का मौका नहीं दिया. उन्होंने इस सेट के आठवें गेम में मौटेट की र्सिवस ब्रेक कर अपने नाम किया.

निर्णायक सेट में नागल ने 2-0 की बढ.त के साथ शानदार शुरू की लेकिन उन्होंने मौटेट को वापसी का मौका दिया और स्कोर 5-5 की बराबरी पर जा पहुंचा. इसी स्कोर पर नागल की र्सिवस को मौटेट ने ब्रेक कर दिया और फिर शानदार फोरहैंड स्लाइस लगाकर अंक को भुनाया. नागल फोरहैंड पर एक और गलती से तीन ब्रेक प्वाइंट पीछे हो गये जिसके बाद मौटेट के लिए जीत दर्ज करना मुश्किल नहीं रहा. रोहन बोपन्ना और एन श्रीराम बालाजी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी अपने पहले दौर में फ्रांस के गेल मोनफिल्स और एडवर्ड रोजर-वैसलीन का सामना करेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button