इफ्ला में प्रस्तुत होगी तरसेम सिंह की फिल्म ‘डियर जस्सी’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 May 2024 07:51 PM
इफ्ला में प्रस्तुत होगी तरसेम सिंह की फिल्म ‘डियर जस्सी’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लॉस एंजिलिस के भारतीय फिल्म महोत्सव (इफ्ला) के 2024 संस्करण की उद्घाटन फिल्म के रूप में फिल्मकार तरसेम सिंह की ‘डियर जस्सी’ प्रस्तुत की जाएगी. ‘डियर जस्सी’ ने दुनिया भर के विभिन्न फिल्म समारोह में हिस्सा लिया है. फिल्म की कहानी कनाडा में जन्मी एक भारतीय लड़की जस्सी की है, जिसे निम्न सामाजिक वर्ग के एक रिक्शा चालक मिट्ठू से प्यार हो जाता है. फिल्म में पाविया सिद्धू और युगम सूद मुख्य भूमिकाओं में हैं.

मशहूर तमिल कलाकार विजय सेतुपती की फिल्म ‘महाराजा’ से इफ्ला का समापन होगा. निथिलन स्वामीनाथन द्वारा निर्देशित फिल्म ‘महाराजा’ एक एक्शन थ्रिलर सिनेमा है. फिल्म के कलाकारों और निर्माता के साथ निर्देशक स्वामीनाथन लॉस एंजिलिस में इफ्ला समारोह में शरीक होंगे.

फिल्मोत्सव में निखिल नागेश की फिल्म ‘किल’ और सनडांस विजेता ‘गल्स विल बी गल्स’ भी प्रर्दिशत की जाएगी. इसके साथ ही पुरस्कार विजेता क्रिस्टो टोमी की फिल्म ‘अंडरकरेंट’, शॉन सेवीरत्ने की ‘ए रियूनियन इन फोर पार्ट्स’, लीसा गाजी की ‘ए हाउस नेम्ड सहाना’ भी दिखाई जाएंगी. इफ्ला में फिल्मों के साथ रिज. अहमद और रोगन प्रोडक्शन की एक विशेष डॉक्यूमेंट्री ‘डिफेंस: फाइटिंग द फार राइट’ के दो एपिसोड भी दिखाए जाएंगी.

इफ्ला की कला निदेशक अनु रंगाचर ने कहा, कार्यक्रम दुनिया भर के दक्षिण एशियाई समुदायों में निहित एकजुटता और लचीलापन, प्रेम और पारिवारिक हिंसा जैसे कुछ विषयों को प्रकट करता है. इस फिल्म समारोह में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, पाकिस्तान और अमेरिका की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा और इसका आयोजन 27 जून से 30 जून तक होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu