नयी दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को कहा कि अगर वायनाड की प्राकृतिक आपदा किसी अवैध गतिविधि के कारण हुई तो कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन अभी मनोवैज्ञानिक आघात से जूझ रहे प्रभावित लोगों को खयाल करने और सहानुभूति प्रकट करने की जरूरत है.
थरूर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव की उस टिप्पणी का जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि केरल सरकार ने राज्य के पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र में ”अवैध आवास विस्तार और खनन” की अनुमति दी, जिसके परिणामस्वरूप वायनाड जिले में विनाशकारी भूस्खलन हुआ.
थरूर ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया, ”अगर कुछ गैरकानूनी हुआ है तो निश्चित रूप से माफ नहीं किया जाना चाहिए और कार्रवाई की जानी चाहिए.” उन्होंने कहा, ”अब सबसे बड़ी चिंता जीवित बचे लोगों की देखभाल करना, उनका इलाज करना है, क्योंकि उनका घाव केवल शारीरिक नहीं हैं, बल्कि मानसिक भी है. वे भयानक मनोवैज्ञानिक आघात से गुजरे हैं. इन सभी के प्रति ख्याल करने और सहानुभूति की आवश्यकता है.”