बलिया/अयोध्या. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रविवार को कहा कि अयोध्या के बलात्कार मामले के दोषियों को इतनी कड़ी सजा मिलेगी कि उनकी आने वाली ‘पुश्तें’ भी याद रखेंगी. पाठक ने इस मामले में पीड़िता का डीएनए और नार्को परीक्षण कराने की मांग करने वाले मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा के डीएनए में गुंडई और अराजकता है, हत्यारों और बलात्कारियों को संरक्षण देना सपा की पुरानी आदत रही है.
पाठक ने जिले के बांसडीह में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान सपा द्वारा अयोध्या के बलात्कार मामले में डीएनए और नार्को टेस्ट की मांग पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी. उनकी आने वाली पुश्तें भी याद रखेगी इतनी कड़ी सजा मिलेगी.”
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “हत्यारों और बलात्कारियों को संरक्षण देना सपा की पुरानी आदत रही है. जब-जब सपा को ताकत मिलती है वह गुंडों और माफियाओं के साथ खड़ी दिखाई देती है. सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के सारे नेता अपराधियों के बलबूते सरकार बनाने का प्रयास करते रहे हैं, जो कभी सफल नहीं होगा.” पाठक ने कहा कि अयोध्या में पीड़िता के साथ सरकार खड़ी है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है.
उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूरे उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद सपा के लोग कहर बरपाने का काम भोली-भाली जनता पर कर रहे हैं. सपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा. पुलिस ने 30 जुलाई को एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के मामले में अयोध्या जिले के भदरसा में बेकरी चलाने वाले मोइद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, मोइद खान और राजू खान ने दो महीने पहले लड़की से बलात्कार किया था और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया था. चिकित्सा जांच में लड़की के गर्भवती पाए जाने के बाद यह घटना सामने आई.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया है कि खान समाजवादी पार्टी का सदस्य है और फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद की टीम का हिस्सा है. आदित्यनाथ ने पिछले बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा था, “यह अयोध्या का मामला है. मोइद खान सपा से हैं और अयोध्या के सांसद की टीम के सदस्य हैं. उन्हें 12 साल की बच्ची के बलात्कार में शामिल पाया गया है. समाजवादी पार्टी ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है.” अयोध्या जिला प्रशासन ने शनिवार को मोइद खान की बेकरी को ध्वस्त कर दिया था.
अयोध्या बलात्कार पीड़िता के परिजनों से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सामूहिक बलात्कार की शिकार नाबालिग लड़की के परिजनों से मिलने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को अयोध्या पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद तथा संगीता बलवंत बिंद और राज्य के पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप शामिल थे. भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने इस घटना के संबंध में परिवार से विस्तृत जानकारी भी जुटाई.
बाबूराम निषाद ने इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हमने बलात्कार पीड़िता की मां और उसके परिवार के अन्य लोगों से बात की और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई. सरकार की तरफ से जो भी कार्रवाई होनी है, वह की जा रही है. हमने आरोपी मोइद खान के बारे में अन्य जानकारियां भी जुटाई हैं. हम इसकी तह तक जाएंगे और जांच करेंगे.” निषाद ने कहा, “इस घटना की रिपोर्ट भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लक्ष्मण को सौंपी जाएगी.” उन्होंने कहा कि बलात्कार पीड़िता का परिवार आरोपी के खिलाफ सरकार द्वारा की गई कार्रवाई से ‘संतुष्ट’ है.