चैम्पियंस ट्रॉफी, डब्ल्यूटीसी में होंगे सीनियर, अगला टी20 कप्तान चयनकर्ता चुनेंगे : शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Jul 2024 08:04 PM
चैम्पियंस ट्रॉफी, डब्ल्यूटीसी में होंगे सीनियर, अगला टी20 कप्तान चयनकर्ता चुनेंगे : शाह
ऑडियो सुनें

ब्रिजटाउन. बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सोमवार को कहा कि अगले साल चैम्पियंस ट्रॉफी और भारत के क्वालीफाई करने पर विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में सीनियर खिलाड़ी होंगे जबकि अगले टी20 कप्तान के बारे में फैसला चयनकर्ता लेंगे. यहां चुनिंदा मीडिया से बात करते हुए शाह ने टी20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत में सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तारीफ की . टूर्नामेंट के बाद कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने टी20 प्रारूप को अलविदा कह दिया.

शाह ने कहा ,’ इन तीनों दिग्गजों के संन्यास के साथ बदलाव की शुरूआत हो चुकी है .” उन्होंने कहा ,”जिस तरह से यह टीम खेल रही है , हमारा लक्ष्य विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल और चैम्पियंस ट्रॉफी जीतना है . लगभग यही टीम उसमें खेलेगी . सीनियर भी टीम में होंगे .” इसके मायने हैं कि फिट रहने पर सीनियर खिलाड़ी पाकिस्तान में फरवरी मार्च में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय टीम के नौ वनडे मैचों के लिये उपलब्ध रहेंगे. भारत को श्रीलंका , न्यूजीलैंड और इंग्लैंड से तीन तीन वनडे खेलने हैं. हार्दिक पंड्या को टी20 टीम का कप्तान बनाये जाने की संभावना पर शाह ने कहा ,” कप्तान चयन समिति चुनेंगे और उनसे बातचीत के बाद हम घोषणा करेंगे .” भाषा मोना

श्रीलंका दौरे से कार्यभार संभालेंगे नये कोच : जय शाह
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सोमवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के नये मुख्य कोच इस महीने के आखिर में श्रीलंका में सीमित ओवरों की श्रृंखला के साथ टीम से जुड़ेंगे हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि राहुल द्रविड़ के जाने के बाद किसके नाम पर मुहर लगी है. पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर के नाम की अटकलें लगाई जा रही है . क्रिकेट सलाहकार समिति ने गंभीर और भारतीय महिला टीम के पूर्व कोच डब्ल्यू वी रमन के इंटरव्यू लिये हैं .

शाह ने कहा कि एक चयनकर्ता की नियुक्ति भी शीघ्र की जायेगी . शाह टी20 विश्व कप के लिये वेस्टइंडीज आये हैं जिसमें भारत ने फाइनल में श्रीलंका को सात रन से हराकर खिताब जीता. शाह ने चुनिंदा मीडिया से कहा ,” कोच और चयनकर्ता की नियुक्ति जल्दी ही होगी . सीएसी ने दो उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिये हैं और मुंबई जाने के बाद जो उनका फैसला होगा , हम उस पर अमल करेंगे .जिम्बाब्वे दौरे पर वीवीएस लक्ष्मण जायेंगे लेकिन नया कोच श्रीलंका श्रृंखला से ही जुड़ेगा .” भारतीय टीम 27 जुलाई से तीन टी20 और तीन वनडे खेलने श्रीलंका जायेगी.

भारत के 11 साल बाद आईसीसी खिताब जीतने पर खुशी जताते हुए शाह ने रोहित शर्मा और विराट कोहली की तारीफ की. विराट , रोहित और रविंद्र जडेजा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ले ली है. शाह ने कहा ,” पिछले साल भी यही कप्तान था और यहां भी . हमने पिछले साल भी फाइनल को छोड़कर सारे मैच जीते . इस बार और मेहनत करके खिताब जीता . दूसरी टीमों से तुलना करें तो अनुभव मायने रखता है. रोहित से लेकर विराट तक , सभी ने शानदार प्रदर्शन किया . अनुभव से काफी फर्क पड़ा .”

उन्होंने कहा ,”एक अच्छे खिलाड़ी को पता होता है कि कब विदा लेनी है . हमने कल देखा . रोहित का स्ट्राइक रेट कई युवा खिलाड़ियों से अच्छा है .” यह पूछने पर कि इन तीनों के संन्यास लेने के बाद क्या वह बदलाव का दौर देख रहे हैं, उन्होंने कहा ,” बदलाव तो हो गया जब तीन दिग्गजों ने विदा ले ली .” हार्दिक पंड्या के हरफनमौला प्रदर्शन और रोहित के बाद उनके कप्तान बनने की संभावना पर शाह ने कहा ,” कप्तानी का फैसला चयनकर्ता करेंगे . हम उनसे बात करके इसका ऐलान करेंगे . हार्दिक के फॉर्म पर काफी सवाल उठ रहे थे लेकिन हमने और चयनकर्ताओं ने उस पर भरोसा किया जिस पर वह खरा उतरा .”

शाह ने यह भी बताया कि इस साल के आखिर में भारत ए टीम आस्ट्रेलिया का दौरा करेगी. भारतीय टीम के सम्मान समारोह की बीसीसीआई योजना बना रही हैलेकिन तूफान की चेतावनी के कारण बारबडोस हवाई अड्डा बंद है और टीम यहीं फंसी हुई है. शाह ने कहा ,” आपकी तरह ही हम भी यहां फंसे हुए हैं . भारत पहुंचने के बाद समारोह के बारे में सोचेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu