महिला से सामूहिक दुष्कर्म के बाद तीन तलाक, आरोपी पति गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Jul 2022 09:44 PM
महिला से सामूहिक दुष्कर्म के बाद तीन तलाक, आरोपी पति गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

गोंडा. गोंडा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर अपनी पत्नी से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया और इसके बाद महिला को तलाक दे दिया. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी व्यक्ति और उसके मौसेरे भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश तोमर ने शुक्रवार को परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के हवाले से बताया कि गोंडा की रहने वाली एक युवती का निकाह लखनऊ निवासी मोहम्मद अदनान के साथ हुआ था. उन्होंने बताया कि अदनान दहेज की मांग को लेकर आए-दिन पत्नी से मारपीट करता था और उसे परेशान करता था जिससे वह काफी दिनों से मायके में रह रही थी.

बीते दिन अदनान अपने मौसेरे भाई के साथ उसके पिता के घर आया और उसे अकेली पाकर दोनों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसे मारा-पीटा तथा तीन बार तलाक बोलकर लखनऊ चला गया. एसपी ने बताया कि पीड़िता ने बुधवार को न्याय की गुहार लगाई थी. एसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ने थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बृहस्पतिवार की देर शाम आरोपी मोहम्मद अदनान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके मौसेरे भाई की तलाश की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu