त्रिपुरा : गैरकानूनी तरीके से भारत में प्रवेश करने पर छह बांग्लादेशी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Nov 2023 08:40 PM
त्रिपुरा : गैरकानूनी तरीके से भारत में प्रवेश करने पर छह बांग्लादेशी गिरफ्तार

ऑडियो सुनें

अगरतला. त्रिपुरा के अगरतला में स्थित महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर भारत में कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से प्रवेश करने के लिए बांग्लादेश के छह नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान मोहम्मद नील इस्लाम (22), रत्न रबिदास (21), मोहम्मद जोनी मिया (18), सिफात मिया (20), मेहदी जसन (20) और स्वप्न मिया (26) के रूप में हुई है और सभी पड़ोसी देश के विभिन्न हिस्सों से संबंध रखते हैं.

हवाई अड्डा थाने के प्रभारी अधिकारी अभिजीत मंडल ने बताया कि मंगलवार रात को छह लोगों को हवाई अड्डे पर घूमते हुए देखा गया और जब ड्यूटी पर तैनात अधिकारी ने उनसे वैध दस्तावेज दिखाने को कहा तो वे ऐसा करने में विफल रहे. मंडल ने बताया, ”बांग्लादेशी नागरिकों को गैर कानूनी तरीके से भारतीय सरजमीं पर प्रवेश करने के लिए गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती जांच में यह पाया गया कि वे कोलकाता जाने की योजना बना रहे थे. अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कराने में उनकी मदद किसने की इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.”

By Yogesh Kumar Sahu