अनुपम खेर की तस्वीर वाले नोट थमाकर 2.1 किलोग्राम सोना ले उड़े दो लोग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Sep 2024 07:48 PM
अनुपम खेर की तस्वीर वाले नोट थमाकर 2.1 किलोग्राम सोना ले उड़े दो लोग
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. गुजरात में दो अज्ञात व्यक्ति अभिनेता अनुपम खेर की तस्वीर वाले नकली नोट थमाकर सर्राफा कारोबारी का 2.1 किलोग्राम सोना लेकर रफूचक्कर हो गए. कारोबारी मेहुल ठक्कर ने नवरंगपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया किस तरह उन्हें 500 रुपये के नकली नोटों के 26 बंडल थमाकर धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया.

घटना 24 सितंबर की है जब अज्ञात व्यक्तियों ने 2.1 किलोग्राम सोने के बदले ठक्कर के कर्मचारियों को नकली नोटों के बंडल थमाए, जिनपर “रीसोल बैंक ऑफ इंडिया” लिखा था. शिकायत के अनुसार ठक्कर के पास आभूषण की एक दुकान के मालिक और परिचित प्रशांत पटेल का फोन आया. पटेल ने 2.1 किलोग्राम सोना खरीदने की बात कही, जिसके लिए 1.60 करोड़ रुपये की रकम तय हुई. ठक्कर को अंदाजा भी नहीं था कि वह धोखाधड़ी का शिकार होने वाले हैं.

ठक्कर ने 24 सितंबर को अपने कर्मचारियों को पटेल से ‘अंगड़िया पेढ़ी’ (हवाला) कार्यालय में मिलने का निर्देश दिया. जब कर्मचारी वहां पहुंचे तो उन्हें तीन लोग मिले, जिन्होंने उन्हें 500 रुपये के नोटों के बंडल थमा दिए. तीनो व्यक्तियों ने कर्मचारियों को मशीन उपलब्ध कराई और ‘पैसे’ गिनने के लिए कहा. इसके बाद उनमें से दो लोग शेष 30 लाख रुपये लाने के बहाने सोने के बिस्कुट लेकर चले गए, जबकि तीसरा व्यक्ति वहीं रुक गया. शिकायत के अनुसार ठक्कर के कर्मचारियों ने गिनती के लिए जब प्लास्टिक की पन्नी से नोटों को बाहर निकाला तो देखा कि नोट नकली हैं, जिसके बाद उन्होंने तीसरे व्यक्ति से पूछताछ की.

शिकायत के अनुसार तीसरे व्यक्ति ने उन्हें बताया कि वह तो बस ‘अंगड़िया पेढ़ी’ के लिए नोट गिनने की मशीन देने आया था. शिकायत के अनुसार, बाद में यह भी पता चला कि घटना से दो दिन पहले ही आरोपियों ने उक्त अंगड़िया कार्यालय खोला था. इसके बाद दो अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने इस असामान्य धोखाधड़ी में शामिल अपराधियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu