प्रवासी श्रमिकों पर हमले में शामिल दो आतंकी पुलवामा मुठभेड़ में ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Apr 2022 10:08 PM
प्रवासी श्रमिकों पर हमले में शामिल दो आतंकी पुलवामा मुठभेड़ में ढेर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. कश्मीर में प्रवासी मजदूरों पर हाल में हमलों के लिए जिम्मेदार अल-बद्र के दो आतंकवादी पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों के साथ कल रात हुयी मुठभेड़ में मारे गए. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलवामा के मित्रिगम गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बुधवार को तलाशी अभियान शुरू किया.

उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान जैसे ही सुरक्षा बल संदिग्ध स्थान की ओर बढ़े, छिपे हुए आतंकवादियों ने तलाशी दल पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसकी जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गयी . पुलिस ने कहा कि शुरूआती गोलीबारी में एक सैनिक को गोली लगी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. प्रवक्ता ने बताया कि हालांकि मुठभेड़ स्थल के आसपास फंसे सभी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान रोक दिया गया.

उन्होंने बताया कि नागरिकों को निकालने के बाद, मुठभेड़ फिर से शुरू हुई जिसमें दो स्थानीय आतंकवादी मारे गये . उनकी पहचान दलीपोरा के एजाज हाफिज और धीरी मुरान के शाहिद अयूब के रूप में की गयी है . दोनों प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र से जुड़े थे और उनके शव मौके से बरामद किए गए हैं .

प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारे गए दोनों आतंकवादी थे और उन समूहों में शामिल थे जिन्होंने पुलिस, सुरक्षा बलों और नागरिकों पर आतंकी हमलों को अंजाम दिया था . मारे गए आतंकवादी पुलवामा में प्रवासी मजदूरों पर हालिया आतंकी हमलों की एक श्रृंखला में भी शामिल थे. प्रवक्ता ने कहा कि हाफिज पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी मजदूरों तथा जम्मू कश्मीर के लोगों पर गोलीबारी करने में शामिल था .

उन्होंने बताया कि इसके अलावा हाफिज सरपंच समेत कई अन्य हमलों में शामिल था और आतंकवादी हाफिज ने शाहिद अयूब को आतंकवादी रैंकों में भर्ती करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसे भी मुठभेड़ में मार गिराया गया है. प्रवक्ता ने कहा कि अयूब दो प्रवासी मजदूरों पर लजूरा पुलवामा में गोलीबारी में शामिल था. उन्होंने बताया कि आतंकवाद में शामिल होने से पहले, वह एक आतंकवादी सहयोगी के रूप में काम कर रहा था और कई अन्य आतंकी वारदातों में शामिल था. पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से आपत्तिजनक दस्तावेज, हथियार एवं कारतूस बरामद किये गये हैं .

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों के तीन सहयोगी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा के पार हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी में शामिल आतंकवादियों के तीन सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है . पुलिस ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि घाटी में सक्रिय आतंकवादी संगठनों के लिए काम करने वाले और नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी में शामिल आतंकी मददगार मॉड्यूल के बारे में विशेष जानकारी के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से तीन लोगों को गिरफ्तार किया.

उन्होंने बताया कि इनकी पहचान हजीत्रा करनाह निवासी मोहम्मद आमिर व निसार अहमद और सुधपोरा करनाह निवासी कफील अहमद के तौर पर हुई है. प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान, तीनों ने खुलासा किया कि वे नियंत्रण रेखा के पार से हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी में शामिल थे, ताकि इसे घाटी में सक्रिय आतंकवादियों को उपलब्ध कराया जा सके. उन्होंने बताया कि उनके पास से एक चीनी पिस्तौल, एक मैगजीन और 14 कारतूस बरामद किए गए हैं. उन्होंने बताया कि तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu