जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 May 2022 08:12 PM
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों के साथ रात भर चली मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादी मारे गए. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में पुलिस कांस्टेबल रियाज अहमद की हत्या में शामिल एक आतंकवादी भी इस मुठभेड़ में मारा गया. पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलवामा के गुंडीपुर में रविवार रात सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों का पता लगाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था.

उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान जब सुरक्षा बलों का दल संदिग्ध स्थान की ओर बढ़ा, तो नजीर अहमद मीर नामक व्यक्ति के घर में छिपे आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई और मुठभेड़ शुरू हो गई. प्रवक्ता ने कहा कि अंधेरे के कारण किसी भी तरह की क्षति से बचने के लिए अभियान को रात के समय रोक दिया गया और तड़के फिर से शुरू किया गया.

प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मारे गए दोनों आतंकवादी पुलिस पर हमले और नागरिकों पर अत्याचार सहित कई मामलों में शामिल समूहों का हिस्सा थे. उन्होंने कहा, ”मारा गया आतंकवादी आबिद शाह 13 मई 2022 को पुलवामा के गडूरा इलाके में निहत्थे पुलिस कांस्टेबल रियाज अहमद की घर में घुसकर हत्या करने में शामिल था.” कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने बिना किसी नुकसान के पेशेवर तरीके से आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने के लिए बलों को बधाई दी. उन्होंने हाल ही में पुलवामा में एक पुलिसकर्मी की हत्या में शामिल आतंकवादियों पर नजर रखने और उन्हें खत्म करने के लिए भी संयुक्त टीम की सराहना की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu