Unnao Accident: एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस की टैंकर से भिड़ंत, दो महिलाओं और एक बच्चे सहित 18 की मौत, 19 घायल

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Wed, 10 Jul 2024 09:54 AM
Unnao Accident: एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस की टैंकर से भिड़ंत, दो महिलाओं और एक बच्चे सहित 18 की मौत, 19 घायल
ऑडियो सुनें

उन्नाव जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बस और दूध टैंकर की भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बिहार के शिवगढ़ से दिल्ली जा रही स्लीपर बस बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में हवाई पट्टी पर टैंकर में भिड़ गई।

एक्सप्रेसवे पर दूध टैंकर को बाएं तरफ से ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ है। हादसे में दो महिलाओं और एक करीब दस साल के बच्चे सहित 18 बस यात्रियों की मौत हो गई है। लगभग 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। बस में बच्चों सहित करीब 100 यात्री बैठे थे।

बिहार के शिवहर से दिल्ली जा रही महोबा जिले की ट्रैवल कंपनी की स्लीपर बस बुधवार सुबह करीब छह बजे बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के जोगीकोट गांव के सामने हवाई पट्टी पर पहुंची थी। लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे टैंकर को ओवरटेक करते समय बस टैंकर में टकरा गई।

18 लोगों की मौत और 19 लोग घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और टैंकर दोनों के परखच्चे उड़ गए। तेज रफ्तार होने से बस का चालक की तरफ का हिस्सा आगे से पीछे तक क्षतिग्रस्त हो गया। सीटों पर बैठे और लेटे यात्रियों में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए हैं।

गंभीर घायलों को उन्नाव जिला अस्पताल रेफर किया
सूचना पर यूपीडा की रेस्क्यू टीम और पीआरवी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य जारी किया। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना, सीओ अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और सभी को बांगरमऊ सीएचसी भेजा। उपचार के बाद घायलों को उन्नाव जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

टिकट के आधार पर मृतकों की पहचान के प्रयास
अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। सीओ ने बताया कि ट्रैवल कंपनी के माध्यम से बुक हुए टिकट के आधार पर मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद लगा जाम
क्षतिग्रस्त बस और टैंकर सड़क पर पलटने से आगरा की तरफ जाने वाली लेन का यातायात रुक गया। दोनों तरफ करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।हवाई पट्टी होने से यूपीडा की टीमों ने डिवाइडर के लिए रखे कंक्रीट बोल्डरों को हटवा कर यातायात शुरू कराया। करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news