धीमी गति से चलने को कहा, तो कार चालक ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल को मारी टक्कर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Sep 2024 08:13 PM
धीमी गति से चलने को कहा, तो कार चालक ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल को मारी टक्कर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बाहरी दिल्ली में एक कार चालक ने मोटरसाइकिल से जा रहे पुलिस कांस्टेबल को कथित तौर पर टक्कर मार दी और वह पुलिसकर्मी को करीब 10 मीटर तक घसीटता रहा जिससे उसकी मौत हो गई. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल ने लापरवाही से वाहन चलाने के लिए कार चालक को डांट लगाई थी लेकिन इसके बाद उसने कांस्टेबल को टक्कर मार दी.

उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात करीब सवा दो बजे वीणा एन्क्लेव के पास उस समय हुई जब कांस्टेबल संदीप (30) ड्यूटी के दौरान सादे कपड़ों में नांगलोई पुलिस थाने से रेलवे रोड की ओर जा रहे थे. बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त जिम्मी चिराम ने बताया कि जब संदीप ने देखा कि एक व्यक्ति कार को लापरवाही से चला रहा है तो उन्होंने चालक को ऐसा न करने के लिए कहा. इसके बाद अचानक चालक ने कार की गति बढ़ा दी और उसने कांस्टेबल की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी तथा उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, उसके बाद एक खड़ी कार से जा टकराया.

उन्होंने बताया कि कांस्टेबल संदीप को पहले सोनिया अस्पताल में भर्ती कराया गया और इसके बाद पश्चिम विहार के बालाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस उपायुक्त ने कहा, ”सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि संदीप ने अपनी मोटरसाइकिल सड़क पर बाएं मोड़ ली और कार को धीमा करने का इशारा किया. संदीप के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई.” इस घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो फुटेज में कार के पीछे एक अन्य मोटरसाइकिल पर दो लोग दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने अपनी गाड़ी रोकी और कांस्टेबल के पास आए.

पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू की गई है. पुलिस उपायुक्त ने कहा, ” हमने मामले की जांच करने और फरार दो आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं. संदीप के परिवार में उनकी मां, पत्नी और पांच साल का बेटा है. दिल्ली पुलिस इस घटना से दुखी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu