महिला ने बेटी से ज्यादा अंक लाने पर सहपाठी छात्र को जहर देकर मार डाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Sep 2022 07:45 PM
महिला ने बेटी से ज्यादा अंक लाने पर सहपाठी छात्र को जहर देकर मार डाला
ऑडियो सुनें

पुडुचेरी. कराईकाल में 43 साल की एक महिला ने अपनी बेटी के सहपाठी एक लड़के को कथित तौर पर सिर्फ इसलिए जहर देकर मार डाला कि उसने उसकी बेटी से ज्यादा अंक प्राप्त किये थे और पढ़ाई में उससे अच्छा था. पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि लड़के की हत्या के मामले में महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस ने कहा कि जान गंवाने वाले लड़के की पहचान आठवीं कक्षा के छात्र बालामणिकंदन (13 वर्ष) के रूप में हुई है जो कराईकाल के एक स्कूल में जे सगायारानी विक्टोरिया की बेटी के साथ पढ़ता था. उन्होंने कहा कि विक्टोरिया अपनी बेटी के मुकाबले पढ़ाई-लिखाई में लड़के के अच्छे प्रदर्शन की वजह से उससे ईर्ष्या करती थी. सूत्रों के मुताबिक विक्टोरिया ने शुक्रवार को बालामणिकंदन की मां बनकर सॉफ्ट ड्रिंक की दो बोतल उसे पहुंचाने के लिए स्कूल के चपरासी को दीं.

लड़के ने एक बोतल सॉफ्ट ड्रिंक पी लिया और जब वह घर पहुंचा तो उल्टी करने लगा. उसके माता-पिता ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और वह इलाज के बाद लौट आया. हालांकि, वह शनिवार को फिर से बीमार हो गया और उसे कराईकाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के मुताबिक शनिवार रात को उसकी मौत हो गयी.

इससे पहले लड़के ने अपनी मां को यह बात बताई थी कि उसने उसी बोतल से सॉफ्ट ड्रिंक पिया था, जो उसे उसकी मां द्वारा भेजा बताया गया. इसके बाद लड़के के माता-पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका जताई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के आधार पर विक्टोरिया को पूछताछ के दायरे में लिया और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया. उप राज्यपाल तमिलिसाई सुंदराराजन ने सोमवार को शिक्षक दिवस समारोह को संबोधित करते हुए घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu