संसद और विधानसभाओं में आरक्षण मिलने से महिलाएं सशक्त होंगी : मोहन यादव

उज्जैन. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को कहा कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कदम उन्हें सशक्त बनाएगा. यादव ने ‘पीटीआई’ से बातचीत में कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए काम करने को प्रतिबद्ध है. उन्होंने निर्वाचित निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले कानून के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की.

यादव ने कहा, “लोक कल्याण से जुड़े कार्यों में महिलाओं की भूमिका बढ़ी है. प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है. यह एक बड़ा फैसला है. दुनिया भारतीय लोकतंत्र की ताकत देखेगी. मोदी जी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ता रहेगा.” शनिवार को यूनिसेफ की भारत इकाई ने किशोरियों में मासिक धर्म स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए स्कूली छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन प्रदान करने की यादव की पहल की सराहना की थी.

यादव ने कहा, “सरकार ने हाई स्कूल और इंटर में पढ़ने वाली छात्राओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की योजना की घोषणा की है. मैं आभारी हूं कि सरकार की इस योजना की सराहना की गई है.” यादव ने 11 अगस्त को समग्र शिक्षा कार्यक्रम के तहत 19 लाख स्कूली छात्राओं के खातों में 57.18 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए. इस कार्यक्रम के तहत कक्षा सात से 12 तक की छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button