
धार. मध्य प्रदेश के धार जिले में एक पुराने घर को गिराने के दौरान आठ मजदूरों ने कथित तौर पर करीब 60 लाख रुपये मूल्य के 86 सोने के सिक्के चुरा लिए. पुलिस ने आठों मजदूरों को गिरफ्तार कर लिया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) देवेंद्र पाटीदार ने रविवार को कहा कि मजदूरों ने पुलिस को सूचित किए बिना ‘‘गिन्नी’’ (सोने के सिक्के) आपस में बांट लिए. यह सिक्के पुरातात्विक महत्व के भी हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि आठों श्रमिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को यह सिक्के कुछ दिन पहले एक पुराने घर का मलबा हटाते समय मिले थे. गुप्त सूचना पर पुलिस को पता चला कि मजदूरों ने आपस में सिक्के बांट लिए हैं. अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने इन मजदूरों को गिरफ्तार कर एक किलोग्राम कुल वजन के 86 सोने के सिक्के जब्त कर लिए हैं. उन्होंने कहा कि सिक्कों की कीमत करीब 60 लाख रुपये है, लेकिन पुरातात्विक महत्व का पता लगने के बाद इसका मूल्य एक करोड़ रुपये तक भी हो सकता है.



