वर्ष 2023: वे विवाद जिन्होंने हिंदी मनोरंजन उद्योग को हिलाकर रख दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Dec 2023 07:21 PM
वर्ष 2023: वे विवाद जिन्होंने हिंदी मनोरंजन उद्योग को हिलाकर रख दिया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. हर साल की तरह 2023 में भी कई विवाद खड़े हुए. विवादों का सिलसिला शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म “पठान” के गीत “बेशरम रंग” से शुरू होकर अभिनेता रणबीर कपूर की फिल्म “एनिमल” तक गया जिसमें उन्होंने ‘अल्फा मेल’ यानी अपनी सत्ता चलाने वाले पुरुष की भूमिका निभाई है. इन दोनों फिल्मों ने सुर्खियां तो बटोरी हीं, साथ ही साथ अच्छी खासी कमाई भी की.

इन विवादों की फेहरिस्त इस प्रकार है:

1. “पठान”: हिंदी फिल्म उद्योग के लिए नए साल की शुरुआत एक विवाद के साथ हुई. 25 जनवरी को “पठान” के रिलीज होने से पहले इसके बहिष्कार का आह्वान हुआ, वजह थी इसका गीत “बेशरम रंग”. दक्षिणपंथी समूहों ने इस गीत में दीपिका की संतरी रंग की बिकनी पर आपत्ति जताई थी. कुछ राजनेताओं ने भी गीत की आलोचना करते हुए कहा था कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. हंगामे के बावजूद, यह फिल्म दुनिया भर में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करके 2023 की सबसे बड़ी हिंदी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक बन गई.

2. “द केरला स्टोरी”: सुदीप्तो सेन द्वारा निर्देशित और विपुल शाह द्वारा निर्मित इस फिल्म ने देश में राजनीतिक विमर्श का ध्रुवीकरण कर दिया, जिसके कारण कुछ राज्यों में इस पर प्रतिबंध लगाया गया और कुछ राज्यों में इसे कर-मुक्त घोषित कर दिया गया. इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने कथित तौर पर केरल की महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करके अपने समूह में भर्ती किया. लगभग 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी “द केरला स्टोरी” ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये कमाई की.

3. “आदिपुरुष”: रामायण पर आधारित अभिनेता प्रभास और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक ओम राउत की इस फिल्म से दर्शकों को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन 14 जून को रिलीज हुई यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई.. फिल्म के संवाद और वीएफएक्स की काफी आलोचना हुई. कई राजनीतिक दलों ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की. लगभग 500 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने पहले तीन दिन में 340 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन पहले सप्ताहांत के बाद कमाई काफी कम हो गई.

4. “ओएमजी 2”: पंकज त्रिपाठी और अक्षय कुमार अभिनीत यह फिल्म केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के पास कथित तौर पर दो सप्ताह से अधिक समय से अटकी हुई थी. बोर्ड ने भारत में यौन शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालने वाली इस फिल्म को ‘ए’ (वयस्कों के लिए) प्रमाणपत्र और कुछ संशोधनों के साथ 11 अगस्त को रिलीज करने की मंजूरी दे दी. “ओएमजी 2”, 2012 में आई फिल्म “ओएमजी: ओह माई गॉड!” की सीक्वेल थी. फिल्म ने दुनिया भर में 221 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की.

5. “बवाल”: नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और वरुण धवन व जान्हवी कपूर अभिनीत इस फिल्म में वैवाहिक कलह की कहानी बताने के लिए ‘होलोकॉस्ट’ यानी ‘यहूदियों के नरसंहार’ का जिक्र किया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया. भारत में इजराइली दूतावास ने एक बयान जारी कर कहा कि वह फिल्म में “होलोकॉस्ट को मामूली बताने से व्यथित” है. एक प्रमुख यहूदी समूह ने भी फिल्म को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ‘प्राइम वीडियो’ से हटाने का आह्वान किया, जहां यह 21 जुलाई को शुरू हुई थी.

6. “एनिमल”: रणबीर कपूर अभिनीत यह फिल्म 2023 की सबसे विभाजनकारी फिल्म बनकर उभरी है, जिसे ग्राफिक सामग्री, अत्यधिक हिंसा और महिला पात्रों को बेबस और कमजोर दिखाने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा. यह भी उल्लेखनीय है कि संदीप रेड्डी वांगा निर्देशित यह फिल्म 800 करोड़ रुपये कमाकर कमाई के मामले में शीर्ष पर रही फिल्मों में से एक बन गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu