भारत के सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचने वाले राज्य में ओला के 90% शोरूम हो जाएंगे बंद, जानें वजह

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 16 Jul 2025 12:58 PM
भारत के सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचने वाले राज्य में ओला के 90% शोरूम हो जाएंगे बंद, जानें वजह
ऑडियो सुनें

महाराष्ट्र: जो देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचने वाला राज्य है, वहां ओला इलेक्ट्रिक की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कंपनी के लगभग 450 शोरूम महाराष्ट्र में हैं, जिनमें से करीब 90 प्रतिशत शोरूम अब बंद होने की कगार पर हैं। ये वही ओला इलेक्ट्रिक है जिसने कभी देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में नंबर-1 की कुर्सी संभाली थी, लेकिन अब टीवीएस और बजाज ऑटो के बाद तीसरे नंबर पर पहुंच चुकी है। अगर ये शोरूम बंद होते हैं तो ना सिर्फ कंपनी की बिक्री को झटका लगेगा बल्कि देश के सबसे बड़े इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में भी इसका असर पड़ेगा।

बिना ट्रेड सर्टिफिकेट के कारण कार्रवाई

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार ने ओला इलेक्ट्रिक के इन शोरूम्स पर कार्रवाई इसलिए की है क्योंकि इनके पास जरूरी ट्रेड सर्टिफिकेट नहीं है। ये सर्टिफिकेट होना जरूरी है ताकि शोरूम में बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहन रखे और बेचे जा सकें। पहले से ही सर्विस नेटवर्क की कमी और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी परेशानियों से जूझ रही ओला इलेक्ट्रिक के लिए यह एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।

जांच में सामने आया बड़ा खुलासा

रिपोर्ट के मुताबिक, 3 जुलाई को महाराष्ट्र परिवहन विभाग ने राज्य के परिवहन मंत्री के कार्यालय को जानकारी दी कि क्षेत्रीय अधिकारियों ने उन शोरूम्स के खिलाफ कार्रवाई की है, जिनके पास जरूरी ट्रेड सर्टिफिकेट नहीं थे। विभाग की चिट्ठी में कहा गया, “432 शोरूम्स की जांच में सिर्फ 44 के पास ट्रेड सर्टिफिकेट पाए गए, जबकि 388 शोरूम्स बिना सर्टिफिकेट के चल रहे थे और इन्हें बंद कर दिया गया।”

वहीं, ओला इलेक्ट्रिक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महाराष्ट्र से जुड़े ये दावे ‘गलत और बेबुनियाद’ हैं। हालांकि कंपनी ने ये भी कहा कि वह महाराष्ट्र सरकार से इस मुद्दे को सुलझाने के लिए लगातार बातचीत कर रही है।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा ईवी बिक्री, ओला को लगेगा तगड़ा झटका

महाराष्ट्र में बीते वित्तीय वर्ष में करीब 2,12,000 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिके, जो देश में किसी भी राज्य से सबसे ज्यादा है। ओला इलेक्ट्रिक ने पिछले साल कुल 3,44,000 यूनिट्स की बिक्री की थी, जिनमें से 12 प्रतिशत बिक्री सिर्फ महाराष्ट्र से हुई। ऐसे में अगर राज्य में उसके 90 प्रतिशत शोरूम बंद होते हैं तो कंपनी को जबरदस्त नुकसान उठाना पड़ सकता है।

पहले भी विवादों में घिरी रही है ओला इलेक्ट्रिक

यह पहली बार नहीं है जब ओला इलेक्ट्रिक किसी विवाद में फंसी हो। इससे पहले भी कंपनी को अपने आफ्टर-सेल्स सर्विस को लेकर ग्राहकों की कई शिकायतों का सामना करना पड़ा है। साथ ही, इसके Ola S1 स्कूटर की क्वालिटी को लेकर भी कंपनी की काफी आलोचना हो चुकी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital