गोवा पुलिस ने अभिनेता गौरव बख्शी को मंत्री की कार रोकने के आरोप में किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Jul 2024 07:32 PM
गोवा पुलिस ने अभिनेता गौरव बख्शी को मंत्री की कार रोकने के आरोप में किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

पणजी. गोवा पुलिस ने बृहस्पतिवार को अभिनेता गौरव बख्शी को राज्य के पशुपालन मंत्री नीलकंठ हलर्नकर की कार रोककर उनकी आवाजाही में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. वेब सीरीज और कुछ फिल्मों में अभिनय कर चुके बख्शी ने भी इस मामले को लेकर एक शिकायत दर्ज करवायी जिसमें दावा किया कि मंत्री की कार ने उनका रास्ता रोका था.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हलर्नकर के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) द्वारा उत्तरी गोवा जिले के कोलवले पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद अभिनेता को गिरफ्तार किया गया. अधिकारी ने बताया कि उन पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

मंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना उस समय हुई जब वह बुधवार को उत्तरी गोवा जिले के रेवोरा पंचायत कार्यालय में एक समारोह में भाग लेने के बाद अपनी कार से जा रहे थे. मंत्री ने आरोप लगाया कि आरोपी की कार ने उनका रास्ता रोक लिया और जब बख्शी से गाड़ी हटाने को कहा गया तो अभिनेता ने उनके पीएसओ को धमकी दी.

बख्शी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने पंचायत कार्यालय में हुई घटना को लेकर स्थानीय पुलिस थाने में मंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पहले कहा था कि सरकार ने घटना का संज्ञान लिया है और बख्शी को गिरफ्तार किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu