सीबीआई ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में रांची में एमबीबीएस की छात्रा से पूछताछ की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 19 Jul 2024 02:51 PM
सीबीआई ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में रांची में एमबीबीएस की छात्रा से पूछताछ की
ऑडियो सुनें

रांची: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) नीट-यूजी पेपर लीक मामले में राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के 2023 बैच की प्रथम वर्ष की एमबीबीएस छात्रा से पूछताछ कर रहा है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

झारखंड सरकार के अधीन स्वायत्त संस्थान रिम्स को पहले राजेंद्र मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आरएमसीएच) के नाम से जाना जाता था। संस्थान के छात्रावास में रहने वाली छात्रा से इस सप्ताह की शुरुआत में सीबीआई ने पूछताछ के लिए संपर्क किया था।

रिम्स के जनसंपर्क अधिकारी राजीव रंजन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “सीबीआई की टीम प्रथम वर्ष की छात्रा से पूछताछ कर रही है। टीम ने बुधवार को अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर कहा कि वे उससे नीट पेपर लीक के सिलसिले में पूछताछ करना चाहते हैं। प्रबंधन ने टीम को पूरा सहयोग दिया। बृहस्पतिवार को भी उन्होंने उससे पूछताछ की और कहा कि आगे भी पूछताछ की जाएगी।”

अधिकारी ने बताया कि छात्रा के माता-पिता ने प्रबंधन से संपर्क किया है और उन्हें स्थिति से अवगत करा दिया गया है। बुधवार को ही पड़ोसी राज्य बिहार में सीबीआई ने पेपर लीक मामले की जांच के तहत एम्स पटना के चार एमबीबीएस छात्रों को गिरफ्तार किया था।

मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीबीआई ने अब तक छह प्राथमिकी दर्ज की हैं। इस साल पांच मई को 571 शहरों के 4,750 केंद्रों पर नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 23 लाख से ज्Þयादा परीक्षार्थी शामिल हुए थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav