तन्वी पत्री ने एशियाई अंडर-15 का खिताब जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Aug 2024 08:36 PM
तन्वी पत्री ने एशियाई अंडर-15 का खिताब जीता
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय खिलाड़ी तन्वी पत्री ने चीन के चेंग्दू में रविवार को खेले गए फाइनल में वियतनाम की थि थू हुयेन गुयेन को सीधे गेम में हराकर बैडमिंटन एशिया अंडर-17 एवं अंडर-15 जूनियर चैंपियनशिप में अंडर-15 वर्ग में लड़कियों का एकल खिताब जीता.
शीर्ष वरीयता प्राप्त 13 वर्षीय तन्वी ने 34 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में अपनी दूसरी वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वी पर 22-20 21-11 से जीत हासिल की.

तन्वी इस जीत से सामिया इमाद फारूकी और तस्नीम मीर की सूची में शामिल हो गईं, जिन्होंने क्रमश? 2017 और 2019 में अंडर-15 लड़कियों का एकल खिताब जीता था. तन्वी ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और उन्होंने जो पांच मैच खेले उनमें एक भी गेम नहीं हारा. फाइनल के पहले गेम में तन्वी एक समय 11-17 से पीछे चल रही थी लेकिन इसके बाद वियतनाम की खिलाड़ी ने कई गलतियां की जिसका फायदा उठाकर भारतीय खिलाड़ी पहला गेम अपने नाम पर करने में सफल रही. तन्वी ने दूसरे गेम में अपनी प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया और मैच जीत कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस तरह से भारत ने इस प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता. ज्ञान दत्तू टीटी ने शनिवार को अंडर-17 वर्ग में लड़कों की एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था.

भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के महासचिव संजय मिश्रा ने विज्ञप्ति में कहा, ”बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में तन्वी पत्री की खिताबी जीत और अंडर-17 पुरुष एकल वर्ग में ज्ञान दत्तू के कांस्य पदक ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत के पास मजबूत प्रतिभा पूल है.” उन्होंने कहा,”हमारा मजबूत और बेहद प्रतिस्पर्धी घरेलू र्सिकट हमारे शीर्ष खिलाड़ियों को ऐसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में हम न केवल तन्वी और ज्ञान बल्कि अन्य भारतीय जूनियर खिलाड़ियों को भी कई खिताब जीतते हुए देखेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu