राजस्थान के भीलवाड़ा में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त, दुकानें बंद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Aug 2024 10:32 PM
राजस्थान के भीलवाड़ा में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त, दुकानें बंद
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में सांप्रदायिक तनाव के बाद सोमवार को अनेक जगह बाजार बंद रहे. पुलिस ने बताया कि एक दिन पहले एक मंदिर के पास गोवंशीय पशु का अवशेष मिला था. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया. कई इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. भीलवाड़ा के जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि रविवार को हुई घटना के सिलसिले में आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि मंदिर के पास गाय की पूंछ का एक हिस्सा मिला है.

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया, “जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां गाय की पूंछ पड़ी थी. गाय भी पास में ही मिली थी और उसे इलाज के लिए पशु चिकित्सालय ले जाया गया.” वहीं, सोमवार को जन्माष्टमी के दिन बड़ी संख्या में लोगों ने शहर के परशुराम र्सिकल पर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. भीड़ ने कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया. भीड़ में शामिल लोगों ने व्यापारियों से अपनी दुकानें बंद करने को कहा और कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे पुलिस को बेकाबू भीड़ पर लाठीचार्ज करना पड़ा.

दुष्यंत ने कहा, “कल हुई घटना के सिलसिले में आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. स्थिति नियंत्रण में है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.” कोतवाली थाने के उपनिरीक्षक राजपाल सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के बाद शांति-व्यवस्था भंग करने के आरोप में 18 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu