रूस ने ड्रोन, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइल से कीव पर हमले किए : यूक्रेनी वायु सेना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Sep 2024 08:17 PM
रूस ने ड्रोन, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइल से कीव पर हमले किए : यूक्रेनी वायु सेना
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन की वायु सेना ने सोमवार को सुबह बताया कि रूस ने कीव और संभवत: अन्य शहरों को निशाना बनाकर ड्रोन, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइल से बड़े पैमाने पर हमले किए हैं. सोमवार को तड़के यूक्रेन की राजधानी कई विस्फोटों से दहल उठी, जिससे निवासियों को बम रोधी आश्रयों में शरण लेनी पड़ी.

कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने कहा कि कीव के होलोसिव्स्की और सोलोमिंस्की जिले में आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया. उन्होंने बताया कि शेवशेनकिव्स्की जिले में मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति के जख्मी होने की सूचना है. हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख आंद्री यरमाक ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, ”हर चीज का जवाब मिलेगा. दुश्मन को इसका एहसास होगा.” वायु सेना के अनुसार, रूस ने कीव को निशाना बनाकर कई क्रूज मिसाइल के साथ बैलिस्टिक मिसाइल दागीं और कुछ ड्रोन हमले भी किए.

कीव के नगर सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरही पोपको ने कहा कि यूक्रेन की राजधानी और इसके उपनगरों को निशाना बनाकर 10 से अधिक क्रूज मिसाइलों, करीब 10 बैलिस्टिक मिसाइलों और एक ड्रोन से हमला किया गया, जिसे यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया.

यूक्रेन के मीडिया के अनुसार, देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में भी धमाका हुआ. खारकीव क्षेत्र के प्रमुख ओलेह सिनीहुबोव ने पुष्टि की कि तड़के खारकीव के इंड्ट्रिरयल्नी जिले पर हमला किया गया. उन्होंने कहा कि हमले के कारण एक आवासीय इमारत और कई अन्य इमारतों में आग लग गई.

यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब एक दिन पहले ही कई रूसी क्षेत्रों को निशाना बनाकर दागे गए यूक्रेन के 158 ड्रोन को रूस की सेना द्वारा मार गिराए जाने तथा नष्ट किए जाने की सूचना मिली थी. करीब ढाई साल पहले शुरू जंग में यूक्रेन की ओर से अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक है. कुछ सप्ताह पहले यूक्रेन के सुरक्षा बलों ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र पर कब्जा कर लिया था, जिन्हें मॉस्को की सेना अब तक पीछे नहीं धकेल पाई है और रूस ने इसका उचित जवाब देने का संकल्प लिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu