पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट में हराकर बांग्लादेश ने ऐतिहासिक ‘क्लीन स्वीप’ किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 03 Sep 2024 07:29 PM
पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट में हराकर बांग्लादेश ने ऐतिहासिक ‘क्लीन स्वीप’ किया
ऑडियो सुनें

रावलपिंडी. बांग्लादेश ने दूसरे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट में मंगलवार को पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर 2 . 0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. बांग्लादेश को आखिरी दिन 143 रन की जरूरत थी और उसके दस विकेट सुरक्षित थे. बांग्लादेश ने चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और विजयी चौका शाकिब अल हसन ने लगाया. बांग्लादेश ने विदेशी धरती पर दूसरी बार ही द्विपक्षीय टेस्ट श्रृंखला जीती है जिसमें दो या अधिक टेस्ट खेले गए हैं . इससे पहले उसने 2009 में वेस्टइंडीज में जीत दर्ज की थी .

बांग्लादेश ने पहला टेस्ट दस विकेट से जीता था और दूसरा टेस्ट चार दिन में जीता चूंकि पहला दिन बारिश की भेंट हो गया था. बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने इस ऐतिहासिक जीत के बाद कहा, ” यह काफी मायने रखता है…. हम वाकई में खुश है.” उन्होंने कहा, ” इस श्रृंखला में हर खिलाड़ी ने अपना सहयोग दिया, यह पूरी तरह से टीम प्रयास था. मुझे उम्मीद है इस तरह के प्रदर्शन को आगे जारी रखेगी.” इस श्रृंखला से पहले बांग्लादेश को पाकिस्तान के खिलाफ अपने पिछले 13 टेस्ट में से 12 में हार का सामना करना पड़ा था जबकि टीम 2015 में घरेलू मैदान पर एक मैच ड्रॉ कराने में सफल रही थी.

शंटो ने कहा कि टीम को इस दौरे पर सफलता का भरोसा था, ”हम यहां आने से पहले जीत के बारे में सोच रहे थे. जिस तरह से हर खिलाड़ी ने अपना योगदान दिया उससे हम खुश है.” बांग्लादेश ने इस टेस्ट मैच की पहली पारी में 26 रन पर छह विकेट गंवा दिये थे लेकिन लिटन दास ने 138 औद मेहदी हसन मिराज ने 78 रन की पारी खेल टीम को 262 रन तक पहुंचाया जो पाकिस्तान की पहली पारी से सिर्फ 12 रन कम था.

इसके बाद हसन महमूद (पांच विकेट) और नाहिद राणा (चार विकेट) जैसे युवा तेज गेंदबाजों ने आपस में नौ विकेट साझा कर पाकिस्तान की दूसरी पारी को 172 रन पर समेट दिया. अनुभवी तस्कीन अहमद ने भी एक विकेट लिया. बांग्लादेश को जीत के लिए चार सत्र में 185 रन बनाने का लक्ष्य मिला और टीम ने आसानी से इसे हासिल कर लिया. शाकिब 21 और मुशफिकुर रहीम 22 रन बनाकर नाबाद रहे .

बांग्लादेश के लिये सलामी बल्लेबाज जाकिर हसन (40), कप्तान शंटो (38) और मोमिनुल हक (34) ने उपयोगी पारियां खेली .
पाकिस्तान ने अपनी धरती पर पिछले ढाई साल में दस टेस्ट में से एक भी नहीं जीता है . आखिरी बार उसने दिसंबर 2021 में रावलपिंडी में ही दक्षिण अफ्रीका को हराया था . ऐसा पहले केवल एक बार हुआ था, जब पाकिस्तान ने 1969-75 तक अपने घर में लगातार 11 मैच गंवाए थे. शान मसूद अपने शुरुआती पांच टेस्ट हारने वाले पाकिस्तान के पहले कप्तान हैं.

उन्होंने मैच के बाद कहा, ”बेहद निराशाजनक, वह भी तब जब आप घरेलू मैदान पर श्रृंखला खेलते हैं.” उन्होंने कहा, ”इस श्रृंखला की कहानी भी ऑस्ट्रेलिया (0-3 से हार) के खिलाफ श्रृंखला जैसी ही रही. हमने अपनी गलतियों से सबक नहीं लिया.” पाकिस्तान को अब तीन मैचों की श्रृंखला के लिए इंग्लैंड की मेजबानी करनी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu