मंधाना की शतकीय पारी से भारत ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराकर श्रृंखला जीती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Oct 2024 09:12 PM
मंधाना की शतकीय पारी से भारत ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराकर श्रृंखला जीती
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद.  स्मृति मंधाना की शतकीय पारी के दम पर भारत ने मंगलवार को यहां न्यूजीलैंड को छह विकेट से शिकस्त देकर तीन मैचों की महिला एकदिवसीय श्रृंखला को 2-1 से अपने नाम किया. मंधाना ने 122 गेंद की पारी में 10 चौके की मदद से 100 रन बनाने के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 70) के साथ तीसरे विकेट के लिए 115 गेंद में 117 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया..

भारत ने न्यूजीलैंड को 232 रन पर आउट करने के बाद 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर आसान जीत दर्ज की.
शुरुआती दो मुकाबलों में संघर्ष करने वाली भारतीय बल्लेबाजी को मंधाना के लय में लौटने का फायदा मिला और टीम ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को हावी नहीं होने दिया. मंधाना ने यास्तिका भाटिया (49 गेंद में 35 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी कर मजबूत नींव रखी और फिर हरमनप्रीत के साथ शतकीय साझेदारी के साथ जीत पक्की की. हरमनप्रीत ने 68 गेंद की नाबाद पारी में आठ चौके जड़े.

न्यूजीलैंड के लिए हान्ना रो ने दो जबकि कप्तान सोफी डिवाइन और फ्रान जोनास ने एक-एक विकेट चटकाये. न्यूजीलैंड के लिए ब्रुक हैलिडे ने 86 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने 96 गेंद की पारी में नौ चौके और तीन छक्के जड़े. अनुभवी दीप्ति शर्मा ने तीन जबकि प्रिया मिश्रा ने दो विकेट लिये जिससे भारत ने न्यूजीलैंड को 49.5 ओवर में ऑल आउट कर दिया. लक्ष्य का पीछा करते हुए शेफाली वर्मा ने शुरुआती दो ओवरों में दो चौके जड़े लेकिन चौथे ओवर में हान्ना की गेंद पर विकेट के पीछे लपकी गयी. उन्होंने 11 गेंद में 12 रन बनाये.

स्मृति मंधाना और यास्तिका भाटिया ने इसके बाद सतर्कता से बल्लेबाजी करते हुए विकेट बचाने पर ध्यान दिया. मंधाना ने नौवें ओवर में डिवाइन और दसवें ओवर में ईडन कार्सन के खिलाफ चौके जड़कर रन गति में कुछ सुधार किया. यास्तिका ने कार्सन पर दो चौके लगाकर आत्मविश्वास हासिल किया. इस खतरनाक होती साझेदारी को डिवाइन ने यास्तिका को अपनी गेंद पर लपककर तोड़ा.

मंधाना ने24वें ओवर में जोनास के खिलाफ एक रन के साथ भारत के शतक को पूरा किया और फिर लिया ताहुहू के खिलाफ चौका जड़कर 75 गेंद में अपना पचासा पूरा किया. उन्होंने इसके बाद जोनास और ताहुहू की गेंदों को बाउंड्री पार भेज कर भारतीय रन गति को तेज किया. दूसरे छोर से संभल कर खेल रही कप्तान हरमनप्रीत ने हान्ना के खिलाफ अपनी पारी का पहला चौका लगाने के बाद अगले ओवर में कार्सन के खिलाफ इस कारनामे को दोहराया.

मंधाना और हरमनप्रीत ने 34वें ओवर में जोनास के खिलाफ चौके लगाये जिससे मैच में पहली बार भारतीय टीम की रनगति पांच रन प्रति ओवर के ऊपर पहुंची. दोनों ने 37वें ओवर में डिवाइन के खिलाफ भी आक्रामक तेवर दिखाते हुए तीन चौके जड़े. हरमनप्रीत ने हान्ना के खिलाफ एक रन के साथ वनडे करियर का 18वां अर्धशतक पूरा किया. मंधाना ने कार्सन के खिलाफ एक रन चुराकर 121 गेंद में अपना शतक पूरा किया. वह हालांकि अगले ओवर में ही हान्ना की गेंद पर बोल्ड हो गयी.

भारतीय कप्तान ने 46वें ओवर में डिवाइन की गेंद पर चौके के साथ टीम की जीत पर मुहर लगा दी. इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने पारी की शुरुआत से ही सटीक लाइन-लेंथ से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशानी में रखा. जेमिमा रोड्रिग्स के शानदार थ्रो पर सूजी बेट्स (04) के रन आउट होने से भारत को पहली सफलता मिली. साइमा ठाकोर ने आठवें ओवर में लौरिन डाउन को एक रन पर पवेलियन की राह दिखाई.

कप्तान हरमनप्रीत ने 11वें ओवर में गेंद युवा लेग स्पिनर प्रिया मिश्रा को थमाई और इस गेंदबाज ने शानदार लय में चल रही न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन (नौ रन) को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. एक छोर से सतर्कता से खेल रही सलामी बल्लेबाजी जॉर्जिया प्लिमर को प्रिया ने दीप्ति के हाथों कैच कराया. उन्होंने 67 गेंद में 39 रन बनाये.

मैडी ग्रीन 15 गेंद में 19 रन बनाकर रन आउट हुई. जिससे न्यूजीलैंड ने 24 ओवर में 88 रन पर पांचवां विकेट गंवा दिया. हैलिडे को इसके बाद विकेटकीपर इजाबेल गेज (49 गेंद में 25 रन) के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला और दोनों ने छठे विकेट के लिए 64 रन जोड़कर मैच में टीम की वापसी कराई. हैलिडे ने थकान हावी होने के बावजूद कुछ बड़े शॉट लगाये. वह 46वें ओवर में दीप्ति की गेंद पर राधा यादव को कैच दे बैठी. आखिरी ओवरों में लिया ताहुहू ने 14 गेंद में नाबाद 24 रन बनाकर न्यूजीलैंड के स्कोर को 232 तक पहुंचाने में मदद की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu