स्पेन में अचानक आयी बाढ़ से 72 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Oct 2024 10:58 PM
स्पेन में अचानक आयी बाढ़ से 72 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बार्सीलोना.  स्पेन के प्राधिकारियों ने बुधवार को बताया कि देश के पूर्वी हिस्से में अचानक आयी बाढ़ के कारण 72 लोगों की मौत हो गयी, कई कारें बह गयीं, गांवों में पानी भर गया तथा रेल लाइन व राजमार्ग अवरुद्ध हो गए. पूर्वी वेलेंशिया प्रांत में आपातकालीन सेवाओं ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की.

स्पेन के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में मंगलवार को शुरू हुई मूसलाधार बारिश बुधवार को भी जारी रही, जिससे बाढ़ के हालात बदतर हो गये. रेल प्राधिकारियों ने बताया कि एक रेलगाड़ी पटरी से उतर गई जिसमें 300 लोग सवार थे. हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ है.
स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज ने कहा कि कई शहर बाढ़ से प्रभावित हैं.

उन्होंने टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में कहा, ”जो लोग अपने प्रियजनों की तलाश कर रहे हैं, पूरा स्पेन उनका दर्द महसूस कर सकता है. हमारी प्राथमिकता आपकी मदद करना है. हम सभी आवश्यक संसाधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि हम इस त्रासदी से उबर सकें.” पुलिस और बचाव सेवाओं ने लोगों को घरों तथा कारों से बाहर निकालने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया.

बाढ़ से तबाह हुए इलाकों में स्पेन के आपात प्रतिक्रिया दलों के 1,600 से अधिक जवानों को तैनात किया गया. स्पेन की केंद्र सरकार ने बचाव प्रयासों में मदद के लिए एक संकट समिति गठित की है. स्पेन की राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, देश में बृहस्पतिवार तक तूफान का असर बरकरार रहने का पूर्वानुमान है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu