सौरभ हत्याकांड: जेल में बेचैनी में गुजर रही हत्यारोपी मुस्कान और साहिल की रातें

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Mar 2025 08:59 PM
सौरभ हत्याकांड: जेल में बेचैनी में गुजर रही हत्यारोपी मुस्कान और साहिल की रातें
ऑडियो सुनें

मेरठ. सौरभ राजपूत की कथित हत्या के लिए जेल में बंद उसकी पत्नी और उसका प्रेमी मादक पदार्थ नहीं मिलने के कारण बेचैन दिख रहे हैं और उनकी नींद तक हराम हो गई है. जेल अधिकारियों ने यह दावा किया. स्थानीय अदालत द्वारा मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद बुधवार से दोनों को चौधरी चरण सिंह जिला जेल में रखा गया है.

जेल सूत्रों ने बताया कि दोनों अत्यधिक तनाव में दिख रहे हैं. एक सूत्र ने बताया, ”मुस्कान और साहिल ठीक से सो नहीं पा रहे हैं. दोनों खाने-पीने में भी ना-नुकुर कर रहे हैं.” उनकी इस हालत पर कई तरह की बातें कहीं जा रही हैं. जेल अधिकारी मुस्कान और साहिल का नशे का आदी होना, इसकी वजह बताते हैं. अधिकारियों का कहना है कि जेल में आने के बाद नशीला पदार्थ नहीं मिलने से उनकी हालत बिगड़ने लगी है और दोनों को बेचैनी, घबराहट तथा दौरे पड़ने लगे हैं. जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक वीरेश राज शर्मा का कहना है कि साहिल और मुस्कान दोनों काफी समय से नशा कर रहे हैं, ऐसे में अब नशा न मिलने के कारण बेचैनी की दिक्कत हो रही है और रात को नींद भी नहीं आ रही है.

शर्मा ने बताया, ”जेल प्रशासन ने मुस्कान को 12 नंबर बैरक और साहिल को 18 नंबर बैरक में रखा है. चिकित्सकों की एक विशेष टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. उन्हें दवाइयां दी जा रही हैं और धीरे-धीरे उनके शरीर से नशे का असर कम करने की कोशिश की जा रही है.” उन्होंने बताया कि साहिल और मुस्कान नशा करते हैं जिसका खुलासा पुलिस जांच में भी हो चुका है.
एक सूत्र ने बताया कि जेल में बंद होने के बाद से दोनों आरोपियों से कोई मिलने नहीं आया.

चार मार्च को मर्चेंट नेवी के पूर्व अधिकारी सौरभ राजपूत को कथित तौर पर मुस्कान और साहिल ने नशीला पदार्थ खिलाने के बाद चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी थी और उसके शरीर के टुकड़े करके सीमेंट से भरे एक ड्रम में बंद कर दिया था. इसके बाद दोनों हिमाचल प्रदेश में छुट्टियां मनाने चले गए और इस दौरान राजपूत के परिवार को अपने फोन से संदेश भेजकर गुमराह करते रहे.
इस मामले की सूचना 18 मार्च को पुलिस को दी गई थी जिसके बाद मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया.

मुस्कान और राजपूत ने 2016 में अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी. दोनों की छह साल की एक बेटी भी है.
पुलिस ने बताया कि मुस्कान और साहिल एक-दूसरे को स्कूल के दिनों से जानते थे और 2019 में एक व्हॉट्सएप समूह के जरिए फिर से जुड़े थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu