कश्मीरियों को ”परेशान किए जाने” की घटनाओं को लेकर राज्य सरकारों के संपर्क में हूं: उमर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 07:03 PM
कश्मीरियों को ”परेशान किए जाने” की घटनाओं को लेकर राज्य सरकारों के संपर्क में हूं: उमर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार उन राज्यों की सरकारों के संपर्क में है जहां पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद कश्मीरियों को कथित तौर पर परेशान किया जा रहा है. अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”जम्मू-कश्मीर सरकार उन राज्यों की सरकारों के संपर्क में है जहां से इस तरह की खबरें मिल रही हैं. मैं इन राज्यों के अपने समकक्ष मुख्यमंत्रियों के भी संपर्क में हूं और मैंने उनसे अतिरिक्त सतर्कता बरतने का अनुरोध किया है.” उन्होंने सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार की उस ‘पोस्ट’ का जवाब देते हुए यह टिप्पणी दी जिसमें उन्होंने कश्मीरियों को कथित रूप से परेशान किए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अब्दुल्ला से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था.

डार ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”देशभर में कश्मीरी छात्रों के अपनी सुरक्षा को लेकर भयभीत होने संबंधी कई वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए जा रहे हैं. मैं जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला साहब से अनुरोध करता हूं कि वे तुरंत हस्तक्षेप करें और देशभर में अपने समकक्षों से बात करें.” नयी दिल्ली स्थित ‘जम्मू-कश्मीर रेजिडेंट कमीशन’ ने देशभर में अध्ययनरत केंद्र शासित प्रदेश के छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए हैं.

केंद्र शासित प्रदेश सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि विभिन्न राज्यों में पढ़ रहे जम्मू-कश्मीर के छात्र किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इन हेल्पलाइन नंबर के जरिए ‘जम्मू-कश्मीर रेजिडेंट कमीशन’ से किसी भी समय संपर्क कर सकते हैं.
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर को आतंकवादियों के हमले में 26 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे. यह 2019 में पुलवामा हमले के बाद से कश्मीर में सबसे बड़ा हमला है. पुलवामा हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 जवान मारे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu