नाबालिग के यौन उत्पीड़न के बाद नैनीताल में सांप्रदायिक तनाव भड़का

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 01 May 2025 10:17 AM
नाबालिग के यौन उत्पीड़न के बाद नैनीताल में सांप्रदायिक तनाव भड़का
ऑडियो सुनें

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में एक नाबालिग लड़की के कथित यौन उत्पीड़न की घटना के बाद सांप्रदायिक तनाव भड़क गया और आक्रोशित लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया तथा तोड-फोड़ की। यौन उत्पीड़न का आरोप 60 साल के एक व्यक्ति पर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पेशे से ठेकेदार उस्मान नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इलाके में शांति कायम रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। लड़की के कथित यौन उत्पीड़न के बाद बुधवार रात आठ बजे उसे मेडिकल जांच के लिए ले जाए जाने की खबर फैलते ही विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

कुछ ंिहदू संगठनों के सदस्यों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों की कुछ दुकानों को निशाना बनाते हुए उनमें तोड़-फोड़ की गयी जबकि एक निकटवर्ती मस्जिद पर पत्थर फेंके गए।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगा रही भीड़ ने वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और क्षेत्र में स्थित कुछ मकानों पर भी पत्थर फेंके जिससे उनकी खिड़कियों के शीशे टूट गए। नैनीताल के शहर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उग्र लोगों को शांत करने का प्रयास किया।

प्रदर्शन आधी रात के बाद भी जारी रहे जिसे देखते हुए पुलिस तनाव बढ़ने से रोकने के लिए देर रात दो बजे तक गश्त करती रही। चंद्र ने बताया कि शांति कायम रखने के लिए पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital