क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप में प्राथमिकी दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Jul 2025 08:45 PM
क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
ऑडियो सुनें

गाजियाबाद. गाजियाबाद जिले की पुलिस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलने वाले क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ एक महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. एक महिला ने 21 जून को एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के माध्यम से मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी जिसमें आरोप लगाया कि क्रिकेटर ने उसका यौन शोषण किया. महिला का दावा है कि वह पिछले पांच वर्षों से यश दयाल के साथ रिश्ते में थी.

मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद 24 जून को महिला ने इसे ‘एक्स’ पर साझा किया जो वायरल हो गया. इसके बाद वह 27 जून को पुलिस से मिली और लिखित शिकायत दर्ज कराई जिसमें उसने आरोप लगाया कि क्रिकेटर ने शारीरिक और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया है. उसने अपनी शिकायत की सत्यता की पुष्टि के लिए मोबाइल कॉल, चैट, स्क्रीन शॉट, वीडियो कॉल जैसे सबूत पेश किए.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दयाल के खिलाफ इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 (शादी का झूठा वादा कर या धोखे से यौन संबंध बनाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस क्रिकेटर और शिकायतकर्ता का बयान दर्ज करेगी. ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त निमिष पाटिल ने बताया कि सभी तथ्यों का अवलोकन करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि पुलिस क्रिकेटर और उसकी सहजीवन साथी के बयान दर्ज करेगी. जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी. क्रिकेटर यश दयाल से इस मामले में संपर्क नहीं हो पाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu