सीकर के खाटू श्यामजी में दुकानदारों ने श्रद्धालुओं से मारपीट की: पुलिस

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 11 Jul 2025 03:12 PM
सीकर के खाटू श्यामजी में दुकानदारों ने श्रद्धालुओं से मारपीट की: पुलिस
ऑडियो सुनें

जयपुर: सीकर जिले के खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने आए कुछ श्रद्धालुओं से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार मंदिर के पास दो दुकानदारों व उनके कर्मचारियों ने दर्शन करने आए एक परिवार के सदस्यों से मारपीट की।

पीड़ित परिवार मध्य प्रदेश से आया था और बारिश के दौरान दुकान के सामने खड़े होने को लेकर दुकानदारों से उनका विवाद हो गया था। मामले में दो दुकानदारों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, तीन महिलाओं और एक लड़की सहित एक परिवार भारी बारिश से बचने के लिए मंदिर के पास दुकान के सामने खड़ा था। दुकानदार ने उन्हें वहां से हटने को कहा। पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने उससे बारिश के कारण कुछ मिनट वहां रुकने की अनुमति मांगी, लेकिन दुकानदार ने उन्हें वहां से हटने के लिए मजबूर कर दिया।

परिवार के सदस्य वहां से हट गए लेकिन दुकानदार उनसे बहस करता रहा। जब परिवार की एक महिला ने उसके व्यवहार पर आपत्ति जताई तो वह डंडा लेकर आया और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। एक अन्य दुकानदार ने भी इस परिवार के सदस्यों से मारपीट की।

खाटू श्यामजी के थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि परिवार से मारपीट के आरोप में दो दुकानदारों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया, ‘‘बारिश के दौरान परिवार के सदस्य एक दुकान पर खड़े थे। दुकानदार ने जब उन्हें वहां से जाने को कहा तो झगड़ा शुरू हो गया।’’ घटना के सिलसिले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital