पंजाब सरकार मादक पदार्थ के खतरे से निपटने के लिए 4,000 खेल मैदान विकसित करेगी: CM मान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Jul 2025 07:56 PM
पंजाब सरकार मादक पदार्थ के खतरे से निपटने के लिए 4,000 खेल मैदान विकसित करेगी: CM मान
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को घोषणा की कि युवाओं को मादक पदार्थ से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में मोड़ने के लिए राज्यभर के गांवों में आधुनिक खेल मैदान विकसित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने एक प्रेस वार्ता में कहा, ”हमने इन मैदानों को विकसित करने का निर्णय लिया है. पहले चरण में 4,000 मैदान बनाए जाएंगे, जिनमें से 3,083 मैदानों पर काम जल्द शुरू होने जा रहा है.” उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए इस अभियान में शामिल किए जाएंगे ताकि राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल सके.

मान ने कहा कि पंजाब में करीब 13,000 गांव हैं और इनमें से प्रत्येक में गुणवत्तापूर्ण खेल मैदान विकसित करने की योजना है. उन्होंने कहा कि जब बच्चे खेलों में हिस्सा लेते हैं, तो वे बुरी आदतों से दूर रहते हैं और उनकी ऊर्जा सकारात्मक रूप से इस्तेमाल होती है. मान ने बताया कि गांवों में खेल मैदानों का निर्माण करवाए जाने के लिए सरकार को ग्राम पंचायतों से सैकड़ों प्रस्ताव प्राप्त होते रहते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान विकसित किए जाने के लिए भूमि की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि यहां तक कि अनिवासी भारतीय (एनआरआई) भी इसके लिए भूमि दान करने को तैयार हैं.

मान ने बताया कि पंजाब में पहले से ही ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ (मादक पदार्थ के खिलाफ युद्ध) अभियान चलाया जा रहा है और अब अभियान में अगला कदम इस नयी पहल को शुरू करना होगा. मान ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने युवाओं को नशे की ओर धकेल दिया.

उन्होंने कहा, ”युवाओं का रुझान खेलों और शिक्षा की ओर था. लेकिन पिछली सरकारों के समय में उन्हें न तो मैदान दिए गए और न ही किताबें. जैसा कि कहा जाता है, खाली दिमाग शैतान का घर होता है, इसी कारण कई युवा बुरी आदतों के शिकार हो गए हैं. धीरे-धीरे पंजाब नशे के दलदल में फंस गया और युवाओं को वह माहौल नहीं मिला जिसके वे हकदार थे.” उन्होंने कहा, ”एक पंजाबी और खेल प्रेमी होने के नाते, हमारा उद्देश्य राज्य के युवाओं को नशे के खतरे से बाहर निकालना है. इसके लिए उन्हें विकल्प देने होंगे ताकि वे फिर से उस रास्ते पर ना लौटें.” मुख्यमंत्री मान ने कहा कि खेल सबसे अच्छा विकल्प है और उचित समर्थन और अवसर मिलने पर पंजाब के युवा कई खेलों में देश और दुनिया में नाम कमा सकते हैं.

उन्होंने कहा कि सुविधाओं की कमी के बावजूद पंजाब से शुभमन गिल और हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ी निकले हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय हॉकी टीम में भी पंजाब के कई खिलाड़ी शामिल हैं. मान ने कहा, ”शुभमन भारतीय क्रिकेट टीम में टेस्ट मैच टीम के कप्तान हैं जबकि हरमनप्रीत सिंह राष्ट्रीय हॉकी टीम के कप्तान हैं.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”पंजाब के युवा हॉकी, क्रिकेट और कबड्डी समेत अन्य खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकते हैं, बशर्ते उन्हें सही माहौल और सहयोग मिले.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu