न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा बने मप्र हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दिलाई शपथ

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 17 Jul 2025 11:15 AM
न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा बने मप्र हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दिलाई शपथ
ऑडियो सुनें

भोपाल: न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने गुरुवार को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति सचदेवा मई माह से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। अब उन्हें राज्य के उच्च न्यायालय का 29वां मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी वह अधिसूचना पढ़कर सुनाई, जिसमें न्यायमूर्ति सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई थी।

दिल्ली में 26 दिसंबर 1964 को जन्मे न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने 1985 में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, दिल्ली से वाणिज्य (ऑनर्स) में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से 1988 में विधि स्नातक (एलएलबी) की डिग्री ली। वह 1 अगस्त 1988 को दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए और उसी वर्ष से वकालत शुरू की।

सुरेश कैत के रिटायरमेंट के बाद संभाली जिम्मेदारी
जस्टिस संजीव सचदेवा को 24 मई 2025 को एक्टिंग चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया था। वे तत्कालीन चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत के रिटायरमेंट के बाद से चीफ जस्टिस का दायित्व संभाल रहे थे। इससे पहले भी वे 9 जुलाई 2024 से 24 सितंबर 2024 तक प्रदेश के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का दायित्व संभाल चुके हैं। 30 मई 2024 को जस्टिस संजीव सचदेवा का दिल्ली हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में ट्रांसफर हुआ था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital