हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे: मुख्यमंत्री शर्मा

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 12 Dec 2025 05:14 PM
हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे: मुख्यमंत्री शर्मा
ऑडियो सुनें

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को दावा किया कि उनकी सरकार ने दो साल के कार्यकाल में जनता की उम्मीदों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने ‘संकल्प पत्र’ के लगभग 70 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों को चेतावनी दी कि राजस्थान की जनता का हक खाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वह राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल के दो साल पूरा होने पर यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा,‘‘जिस संकल्प (घोषणा) पत्र के माध्यम से हम जनता के बीच गए थे, उसके लगभग 70 प्रतिशत वादे हमने पूरे किए हैं। प्रदेश की जनता की जो उम्मीद थी उस पर खरा उतरने का काम हमने किया है।’’ शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार के दो वर्ष सुशासन, विकास व विश्वास के दो साल हैं और इस दौरान प्रदेश की दशा व दिशा बदलने के लिए ठोस शुरूआत की गई है।

उन्होंने कहा,‘‘राज्य सरकार के ये दो वर्ष प्रदेश के चौमुखी विकास, जन-जन के कल्याण के लिए सर्मिपत है। इन दो साल में सरकार ने न केवल नीतिगत सुधार किए बल्कि धरातल पर दिखने वाले कामों से यह संदेश दिया है कि ईमानदारी, इच्छाशक्ति हो तो राजस्थान के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करना कोई दूर की बात नहीं है।’’ शर्मा ने कहा,‘‘हमने केवल कहा नहीं बल्कि करके दिखाया है। आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं। हमने संकल्प-पत्र में कुल 392 संकल्प लिए गए थे जिसमें से 274 संकल्प या तो पूरे कर दिए गए हैं या प्रगति पर है। हमने जनता जर्नादन से जो काम पांच साल में पूरे करने का वादा किया था, उनमें से 70 प्रतिशत तक कार्य दो वर्ष में पूरे किए हैं।’’

उन्होंने कहा-हमारी सरकार ने साफ नीयत, प्रभावी कार्यान्वयन व पूर्ण पारर्दिशता के साथ ऐसा प्रशासन दिया है जिसने राजस्थान को देश के ‘बेस्ट परफॉर्मर स्टेट’ की श्रेणी में पहुंचा दिया है। जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘राज्य की पूर्ववर्ती सरकार ने योजना को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया।

पेयजल पाइपलाइन से लेकर निविदा तक हर स्तर पर अनियमितता और ‘कमीशनखोरी’ से गांव ढाणी के गरीब तक स्वच्छ पानी पहुंचने में बड़ी बाधा खड़ी की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने कहा था कि भ्रष्टाचार करने वाली मछलियां ही नहीं, बल्कि मगरमच्छ भी पकड़े जाएंगे। पकड़े भी गए हैं, जेल भी गए। अपने किए की सजा भी भुगत रहे हैं। हम आगे भी किसी को छोड़ने वाले नहीं है।’’

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियां से जुड़ी एक किताब का विमोचन किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी व डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, राज्य के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा भी मौजूद रहे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital