द्रमुक के ‘भ्रष्ट’ शासन में तमिलनाडु को काफी नुकसान झेलना पड़ा: पीयूष गोयल

चेन्नई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के ”भ्रष्ट” शासन में तमिलनाडु को बहुत नुकसान झेलना पड़ा है. गोयल ने तमिलनाडु में 2026 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर चेन्नई में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख ईके पलानीस्वामी के साथ शुरुआती चर्चा के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह टिप्पणी की.

भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने पलानीस्वामी के साथ मार्च-अप्रैल 2026 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आगामी महीनों की योजनाओं पर चर्चा की. गोयल ने कहा, ”हमने अपने राजनीतिक एजेंडे को साथ मिलकर मजबूत करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राजग परिवार के रूप में 2026 का विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में सार्थक बातचीत की.” भाजपा नेता ने अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ”शानदार जीत” का भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि राजग के सहयोगी दल लोगों की आकांक्षाओं, खास तौर पर विकास की उनकी मांग को पूरा करने के लिए प्रयासरत रहेंगे.

गोयल ने आरोप लगाया, ”द्रमुक के भ्रष्ट शासन में तमिलनाडु ने बहुत नुकसान झेला है. तमिलनाडु के लोगों को सुशासन, विकासोन्मुखी नेतृत्व और हमारे तमिल भाई-बहनों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने वाली सरकार की जरूरत है, जिसके लिए राजग, प्रधानमंत्री मोदी और हमारे नेता पलानीस्वामी प्रतिबद्ध हैं.” उनके साथ मौजूद पलानीस्वामी ने कहा कि दोनों दलों ने राजनीतिक स्थिति और ”जनविरोधी द्रमुक सरकार को हराने” की रणनीति पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि ”शुरुआती बातचीत” में अन्नाद्रमुक और भाजपा, दोनों ने चुनाव में राजग की भारी जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया.

पलानीस्वामी ने कहा, ”राज्य के लोग द्रमुक सरकार से नाराज हैं… हमारे गठबंधन के सहयोगी दल मिलकर काम करेंगे और द्रमुक को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे.” गोयल के साथ तमिलनाडु के लिए भाजपा के सह-प्रभारी अर्जुन राम मेघवाल, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, तमिलनाडु प्रभारी डॉ. पी सुधाकर रेड्डी और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने बैठक में हिस्सा लिया. वहीं, अन्नाद्रमुक की तरफ से पलानीस्वामी के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता केपी मुनुसामी, एसपी वेलुमणि और पी थंगामणि बैठक में शामिल हुए. इससे पहले, गोयल और मेघवाल ने कमलालयम स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा कोर कमेटी के सदस्यों की बैठक के दौरान राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और गठबंधन की रणनीतियों पर चर्चा की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button