उद्धव ने शिक्षकों से अमरावती सीट से शिवसेना (उबाठा) प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 17 Oct 2026 02:33 PM
उद्धव ने शिक्षकों से अमरावती सीट से शिवसेना (उबाठा) प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की
ऑडियो सुनें

शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार दत्तात्रय लहाने का समर्थन करने की शनिवार को अपील की। इस सीट पर उनकी पार्टी का मुकाबला महा विकास आघाडी (एमवीए) में सहयोगी कांग्रेस से है।

ठाकरे ने एक बयान में कहा कि लहाने ने तहसीलदार के समक्ष संकल्प लिया है कि जब तक शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू नहीं हो जाती, तब तक वह विधान परिषद सदस्य के रूप में मिलने वाला वेतन स्वीकार नहीं करेंगे। विधान परिषद की पांच सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

ठाकरे ने कहा, “व्यक्तिगत रूप से, मैं अब तक किसी ऐसे दूसरे उम्मीदवार से नहीं मिला, जो अपनी बात का इतना पक्का हो और पूरी निष्ठा से दूसरों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हो। उनका सामाजिक कार्य भी उल्लेखनीय है।” उन्होंने कहा, “यदि आप मानते हैं कि प्रमुख शिक्षण संस्थानों और उनके मालिकों के दबदबे के बीच इस संघर्ष में हमारे समाज के मूल्यों की बलि नहीं दी जानी चाहिए, तो मैं आपसे आग्रह करता हूं कि ईमानदार और प्रतिबद्ध उम्मीदवार दत्तात्रय लहाने को अपनी पहली पसंद का मत दें और भारी बहुमत से उनकी जीत सुनिश्चित करें।”

अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में अमरावती, बुलढाणा, वाशिम और यवतमाल जिलों के शिक्षक मतदान करेंगे। इस सीट पर महा विकास आघाडी के सहयोगियों शिवसेना (उबाठा) और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस ने पहली बार चुनाव लड़ रहीं अदिति पोहरे को उम्मीदवार बनाया है, जबकि शिवसेना (ंिशदे गुट) ने निवर्तमान विधान परिषद सदस्य किरण सरनाईक को मैदान में उतारा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav