‘‘मानहानिकारक’’ ट्वीट के सिलसिले में फिल्म समीक्षक कमाल राशिद खान गिरफ्तार

मुंबई. एक स्थानीय अदालत ने ‘केआरके’ के नाम से पहचाने जाने वाले अभिनेता एवं फिल्म समीक्षक कमाल राशिद खान को मंगलवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इससे पहले उन्हें मुंबई पुलिस ने कथित मानहानिकारक ट्वीट के सिलसिले में गिरफ्तार किया था. खान के वकील ने कहा कि ट्वीट अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म “लक्ष्मी बम” (बाद में “लक्ष्मी”) के बारे में थे. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई ब्योरा नहीं दिया.

एक अधिकारी के अनुसार दुबई से आने के बाद सोमवार देर रात खान को मुंबई हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने खान को बोरीवली में मजिस्ट्रेट की एक अदालत में पेश किया और जांच के लिए उन्हें चार दिनों की हिरासत में दिए जाने का अनुरोध किया. लेकिन अदालत ने इस अनुरोध को खारिज कर दिया और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

उसके बाद उनके वकील अशोक सरोगी ने जमानत याचिका दाखिल की जिस पर आज सुनवाई होने की संभावना है. पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार खान के खिलाफ 2020 में भारतीय दंड संहिता की धारा 153 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना) तथा 500 (मानहानि के लिए सजा) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. केआरके के खिलाफ पहले ‘लुकआउट सर्कुलर’ भी जारी किया गया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button