एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत में तीन स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Jul 2023 09:17 PM
एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत में तीन स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. भारत ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन गुरुवार को तीन स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते जिसमें ज्योति याराजी का महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ और अजय कुमार सरोज का पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ का खिताब भी शामिल है.
राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता अब्दुल्ला अबूबकर ने पुरुषों की त्रिकूद में भारत को दिन का तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया.

भारतीय खिलाड़ियों ने गुरुवार को प्रभावशाली प्रदर्शन किया तथा दांव पर लगे 10 स्वर्ण पदकों में से तीन स्वर्ण पदक जीते. इसके अलावा ऐश्वर्या मिश्रा (53.07 सेकेंड) ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में जबकि तेजस्विन शंकर (7527 अंक) ने पुरुषों की डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीता.

ऐश्वर्या और तेजस्विन दोनों का यह इन स्पर्धाओं में सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला पदक भी है. वे पहली बार इन स्पर्धाओं में किसी सीनियर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं. तेजस्विन ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में ऊंची कूद में कांस्य पदक जीता था लेकिन इसके बाद उन्होंने पिछले साल डेकाथलॉन को अपना लिया था.

तेईस वर्षीय ज्योति ने प्रतियोगिता में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया. यह सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका पहला स्वर्ण पदक भी है. उन्होंने फाइनल में 13.09 सेकंड का समय लेकर जापान की दो धाविकाओं टेराडा असुका (13.13 सेकेंड) और आओकी मासुमी (13.26 सेकेंड) को पीछे छोड़ा.

ज्योति ने बाद में कहा,” मैं बहुत अच्छी स्थिति में थी और मुझे लग रहा था कि आज मेरा दिन होगा और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहूंगी. लेकिन अचानक बारिश आ गई और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ समय नहीं निकाल पाई.” उन्होंने कहा,” पांचवी बाधा तक मैं सबसे आगे थी लेकिन सातवीं बाधा में थोड़ा फिसल गई. यह भी एक वजह रही कि मेरा समय 13 सेकंड से कम नहीं हो पाया.” ज्योति का राष्ट्रीय रिकॉर्ड 12.82 सेकंड है.

पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में सरोज ने बेहतरीन प्रदर्शन किया तथा 3 मिनट 41.51 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता . यह उनका इस प्रतियोगिता में लगातार तीसरा पदक है. उन्होंने 2017 में भुवनेश्वर में स्वर्ण और 2019 में दोहा में रजत पदक जीता था.
अबूबकर ने 16.92 मीटर छलांग लगाकर इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. वह जापान के इकेहाता हिकारू (16.73 मीटर) और कोरिया के जंगवू किम (16.59 मीटर) से आगे रहे. इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने फाउल से शुरुआत की और चौथे प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके स्वर्ण पदक हासिल किया. अभिषेक पाल ने बुधवार को पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर भारत का पदक का खाता खोला था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu