रूसी जांच समिति ने प्रिगोझिन की विमान दुर्घटना में मौत होने की पुष्टि की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Aug 2023 09:26 PM
रूसी जांच समिति ने प्रिगोझिन की विमान दुर्घटना में मौत होने की पुष्टि की
ऑडियो सुनें

मास्को. रूस की जांच समिति ने पुष्टि की है कि निजी सैन्य संगठन ‘वैग्नर’ के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई है. समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने रविवार को एक बयान में कहा कि फॉरेंसिक जांच के बाद, दुर्घटनास्थल पर मिले सभी 10 शवों की पहचान की गई. बयान में इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई कि दुर्घटना का कारण क्या हो सकता है.

रूस के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि प्रिगोझिन (62) और उनके शीर्ष सहयोगियों को लेकर जा रहा एक निजी विमान मॉस्को के उत्तर पश्चिम में बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग के बीच रास्ते में विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से सभी सात यात्रियों और चालक दल के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी.

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सत्ता को चुनौती देने वाले सशस्त्र विद्रोह का प्रिगोझिन के नेतृत्व करने के दो महीने बाद यह घटना घटी थी. अमेरिका के शुरुआती खुफिया आकलन से निष्कर्ष निकाला गया था कि जानबूझकर किए गए विस्फोट के कारण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ. रूस ने इस निष्कर्ष को खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से झूठ बताया था.

शुरुआती खुफिया आकलन का वर्णन करने वाले पश्चिमी देशों के अधिकारियों में से एक ने कहा कि यह निर्धारित करता है कि प्रिगोझिन को लक्षित किया गया था और पुतिन का ”अपने आलोचकों को चुप कराने की कोशिश का एक लंबा इतिहास रहा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu