हरियाणा: मकान में आग लगने से हुआ धमाका, विस्फोटक सामग्री रखने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 03:53 PM
हरियाणा: मकान में आग लगने से हुआ धमाका, विस्फोटक सामग्री रखने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़: हरियाणा के सोनीपत जिले में एक मकान में शॉर्ट-र्सिकट की वजह से आग लग गई, जिसके कारण वहां रखी विस्फोटक सामग्री में धमाका हो गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार की है और अपने घर के एक कमरे में विस्फोटक सामग्री रखने के आरोप में इरफान नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा, ‘‘इरफान ने कमरे में पोटाश के साथ मिश्रित सल्फर रखा हुआ था, जो विस्फोटक सामग्री है। धमाके में लोहे का शटर कई फुट दूर जाकर गिरा। गनीमत रही कि उस समय कोई सड़क से नहीं गुजर रहा था। कमरे में रखी एक मेज और प्लास्टिक की कुर्सी जल गयी।’’

उन्होंने बताया कि घटना के वक्त इरफान का परिवार दूसरे कमरे में था। यह पूछे जाने पर कि क्या विस्फोटक सामग्री का भंडारण अवैध तरीके से पटाखे बनाने के लिए किया गया था, पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘विस्तार के पूछताछ करने के बाद ही सामग्री के भंडारण का वास्तविक उद्देश्य पता चल पाएगा।’’

उन्होंने बताया कि इरफान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 285 (आग या ज्वलनशील पदार्थ के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) और अन्य प्रावधानों के साथ-साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav